सिक्किम में चीन की घुसपैठ की कोशिश को सेना ने किया नाकाम, झड़प में चीन के 20 सैनिक घायल

चीन की घुसपैठ
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। भारत और चीन के बीच पिछले साल मई से शुरु हुआ सीमा पर गतिरोध जारी है। इसी बीच एक बार फिर से भारत और चीन के जवानों के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर झड़प की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार  सिक्किम के ना कूला में तीन दिन पहले भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच झड़प हुई है। बताया जा रहा है कि चीनी सैनिक भारतीय इलाके की तरफ बढ़ने की कोशिश कर रहे थे, जिसके बाद भारतीय सैनिकों ने उन्हें खदेड़ा। वहीं, इस झड़प में भारतीय सेना के चार और चीन की पीएलए के 20 सैनिक घायल हो गए।

भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प को लेकर भारतीय सेना ने बयान जारी कर कहा, ‘यह स्पष्ट किया जाता है कि 20 जनवरी को सिक्किम के नाकू ला में भारतीय सेना और चीन के पीएलए सैनिकों के बीच मामूली झड़प हुई थी। इसे स्थानीय कमांडरों द्वारा स्थापित प्रोटोकॉल के अनुसार हल कर लिया गया था।’

यह भी पढ़ें- हमारा रुख स्पष्ट, LAC पर कोई बदलाव नहीं करेंगे स्वीकार: बिपिन रावत

गौरतलब है कि भारत-चीन सीमा विवाद उस वक्त बढ़ गया था जब 15-16 जून को पीएलए की झड़प में भारतीय सेना के 20 जवानों की मौत हो गई थी। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स में चीनी सैनिकों के भी मारे जाने की खबरें थी, लेकिन चीन ने इससे इनकार कर दिया था।

वहीं भारत और चीन की सेनाओं के बीच 9वें दौर की वार्ता में पूर्वी लद्दाख में गतिरोध वाले बिंदुओं से सैनिकों को हटाने पर करीब 16 घंटे तक विस्तृत चर्चा हुई। सूत्रों ने बताया कि कोर कमांडर स्तर की वार्ता रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे शुरू हुई और यह सोमवार तड़के करीब ढाई बजे खत्म हुई। पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर चीन की तरफ मोल्दो में यह बैठक हुई। बैठक के नतीजों के बारे में पता नहीं चल पाया है।

यह भी पढ़ें- इसरो ने PSLV-C49 से लॉन्च किया उपग्रह EOS-01, बादलों को भेद हाई रेज्योल्युशन की तस्वीर लेने में सक्षम