आरयू ब्यूरो, लखनऊ। सीतापुर रोड स्थित नौमिष नगर योजना के शुरू होने से पहले लखनऊ विकास प्राधिकरण को करोड़ों की आर्थित क्षति होने की बात आज सामने आयी है। योजना से जुड़े अधिकारियों की लापरवाही के चलते सैरपुर व फरूखाबाद समेत नैमिष नगर की जद में आने वाले कई गांवों से प्राधिकरण की खरीदी जा चुकी जमीनों से सैकड़ों डंपर मिट्टी चोरी की जा चुकी है।
आज निरीक्षण के दौरान एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने यह चोरी खुद पकड़ी तो इसके लिए जिम्मेदार इंजीनियर व अधिकारियों को फटकार लगाते हुए दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया है। जिसके बाद योजना में जेई का काम देख रहे सहायक अभियंता संजय जैन ने सैरपुर थाने में अज्ञात मिट्टी चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। योजना शुरू करने से पहले चोरी गयी मिट्टी की भराई के लिए प्राधिकरण के अब करोड़ों रुपये खर्च होने का अनुमान है।
यह है मामला-
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने आज नैमिष नगर के पुरवा गांव में बने प्राधिकरण के साइट ऑफिस में अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद योजना का निरीक्षण किया। इस दौरान सैरपुर व फरूखाबाद समेत कई गांवों में जगह-जगह मिट्टी गायब देख वीसी का माथा ठनक गया। स्थानीय लोगों से पूछताछ में सामने आया कि गांव वालों के जमीन बेचने के बाद ईंट भट्ठे व अन्य लोग काफी समय से इन गांवों में अवैध खनन कर डंपर से मिट्टी निकाल ले जा रहें हैं।
इस पर वीसी ने अधिकारियों को फटकार लगाने के साथ ही अवैध खनन करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया। साथ ही यह भी कहा कि भविष्य में इस तरह का अवैध खनन योजना में कहीं भी सामने नहीं आना चाहिए।
बसंतकुंज व CGCT में भी हो चुकी चोरी
बताते चलें कि योजना से बड़े पैमाने पर मिट्टी चोरी होना कोई एलडीए के लिए नई घटना नहीं है। इससे पहले सीजीसिटी और बसंतकुंज योजना से भी लंबे समय तक मिट्टी चोरी होती रही है। इस खनन के बाद प्राधिकरण को दोनों ही योजनाओं में करोड़ों रुपये सिर्फ मिट्टी भराई के नाम पर खर्च करने पड़े थे।
सेक्टर ‘ओ’ के आवंटियों को आज तक नहीं मिला कब्जा
बसंतकुंज के सेक्टर ‘ओ’ में तो अवैध खनन के चलते अब तक आवंटियों के प्लॉट करीब दस 18 फिट गहरे गड्ढे में है। रजिस्ट्री के तीन साल से भी ज्यादा का समय बीतने के बाद भी प्राधिकरण आवंटियों को यहां कब्जा नहीं दे रहा है। परेशान आवंटी अधिकारियों के यहां अब तक चक्कर काट रहें हैं।
यह भी पढ़ें- एलडीए का एक और कारनामा आया सामने, गड्ढों में बेच डाले प्लॉट, परेशान आवंटियों ने जनता अदालत में लगाई गुहार
60 प्रतिशत वाले गावों में शुरू कराएं काम
समीक्षा में पाया गया कि सेक्टर एक और सेक्टर 12 में लगभग पूरी जमीन खरीदी जा चुकी है। इसके अलावा कुछ अन्य गांवों में भी काफी भूमि प्राधिकरण को मिल गयी है। इस पर उपाध्यक्ष ने निर्देश दिये कि जिन गांवों में 60 प्रतिशत से अधिक भूमि की रजिस्ट्री प्राधिकरण के पक्ष में हो गयी है, वहां टेंडर कराकर सड़क, नाली, सीवर आदि विकास कार्य शुरू कराया जाए। इसके अलावा उन्होंने आईआईएम-रैथा रोड का चौड़ीकरण कराने के भी निर्देश दिये।
बल्क रजिस्ट्री के लिए स्थापित करें अलग काउंटर
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने कहा कि बड़ी संख्या में किसानों ने अपनी जमीन देने के लिए सहमति पत्र दिया है। ऐसे में सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में नैमिष नगर योजना के लिए एक अलग काउंटर स्थापित कराया जाए। जिससे कि जमीन बेचने वाले किसानों की बल्क में रजिस्ट्री करायी जा सके।
18 गांव की 4035 एकड़ में बसेगी योजना
उल्लेखनीय है कि करीब 4035 एकड़ में विकसित होने वाली नैमिष नगर योजना के लिए बी.के.टी. तहसील के गांव भौली, लक्ष्मीपुर, पूरब गांव, पुरवा, सैरपुर, फरूखाबाद, कोड़री, कमलाबाद, कमलापुर, पलहरी, गोपरामऊ, बारूमऊ, धतिंगरा, सैदापुर, पश्चिम गांव, धोबैला, उमरभारी व दुग्गौर की जमीन प्राधिकरण ने चिन्हित की है।
यह भी पढ़ें- जागा LDA! नैमिष नगर व वरूण विहार के किसानों को अब नहीं बेचने देगा बिचौलियों को जमीन
33 में से लांच होंगे 14 सेक्टर
इस आवासीय योजना में कुल 33 सेक्टर होंगे। पहले चरण में फेज एक के 14 तक के सेक्टर लांच करने की तैयारी है, जिसके लिए आच्छादित गांवों में भूमि जुटाने का काम प्राधिकरण कर रहा।
100 हेक्टेयर जमीन खरीद चुका प्राधिकरण
नैमिष नगर में एलडीए लैंड पुलिंग करने की जगह किसानों से सीधे जमीन खरीद कर रहा। जिसके अंतर्गत करीब 100 हेक्टेयर जमीन की रजिस्ट्री प्राधिकरण के पक्ष में हो चुकी है।
मार्च में खुल सकता है दाऊद नगर कल्याण मंडप
वहीं आज वीसी ने दाऊद नगर में करीब सात हजार वर्गफिट में बन रहे कल्याण मंडप का भी निरीक्षण किया। यहां उपाध्यक्ष ने संबंधित इंजीनियरों को निर्देश दिये कि फिनिशिंग के बाकी कामों को 15 दिन के अंदर पूरा कर लिया जाए। जिससे कि कल्याण मंडप को क्षेत्रीय नागरिकों की सुविधा के लिए जल्द ही खोला जा सके।
यह भी पढ़ें- BKT की महापंचायत में बोले राकेश टिकैत, सरकार ने बनाया किसानों की जमीन खरीदने का बड़ा प्लान, यूपी में संघर्ष तय
निरीक्षण के दौरान एलडीए के चीफ इंजीनियर मानवेन्द्र सिंह, अधीक्षण अभियंता नवनीत शर्मा, प्रभारी अधिकारी-अर्जन संगीता राघव व जोनल अधिकारी वंदना पाण्डेय देवांश त्रिवेदी, अधिशासी अभियंता अशोक कुमार व विशाल यादव समेत अन्य अफसर-इंजीनियर मौजूद रहें।




















