आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के विधायक सुधाकर सिंह के निधन के बाद मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने वाला है। जिसके लिए समाजवादी पार्टी ने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। सपा ने सुधाकर सिंह के बेटे सुजीत सिंह को उम्मीदवार बनाया है।
आज शिवपाल सिंह यादव ने प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर कहा कि हम सब समाजवादी लगेंगे और जिताएंगे। जब शिवपाल यादव से टिकट फाइनल की बात कही तो उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष (अखिलेश यादव) ने उनका टिकट फाइनल कर दिया है।
यह भी पढ़ें- सपा विधायक सुधाकर सिंह का मेदांता में निधन, अस्पताल पहुंचे अखिलेश
गौरतलब है कि 2023 में हुए उपचुनाव में सुधाकर सिंह ने दारा सिंह चौहान को हराया था। उनकी जीत से सपा काफी ज्यादा उत्साहित नजर आई थी। इसके बाद से सुधाकर सिंह अखिलेश यादव के काफी करीबी बन गए थे, लेकिन उनके निधन के बाद ये सीट खाली हो गई।
यह भी पढ़ें- अखिलेश ने कहा, भाजपा की मूर्तियां भी सियासी, मुख्यमंत्री बताएं अटल बिहारी वाजपेयी के पैतृक गांव की उपेक्षा क्यों?
सपा इस सीट से अन्य को इसलिए भी टिकट नहीं देना चाहती है, क्योंकि अभी जनता की भावनाएं सुधाकर सिंह के परिवार और उनके बेटे के साथ हैं। सुधाकर सिंह का घोसी सीट पर अपनी अलग छवि रही है। लोगों तक उनकी पहुंच रहती थी। वह आम लोगों को आसानी से मिल जाते थे। यही सारी वजहें हैं, जो सपा उपचुनाव में उनके बेटे को उम्मीदवार बनाकर जीत हासिल करना चाहती है।




















