सुपुर्दे खाक हुए मौलाना कल्बे सादिक, अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे डिप्‍टी सीएम समेत सभी धर्मों के लोग

सुपुर्दे खाक हुए मौलाना
अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे लोग।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्यक्ष व शिया धर्मगुरु मौलाना डॉ. कल्बे सादिक के निधन के बाद बुधवार को अंतिम दर्शन के लिए सुबह से ही लोगों के आने का तांता लगा रहा। चौक स्थित यूनिटी कॉलेज परिसर में उनका पार्थिव शरीर दर्शन के लिए रखा गया। जहां उनकी जनाजे की नमाज पढ़ाई जाने के बाद इमामबाड़ा गुफरान माब में सुपुर्दे खाक किया गया।

ईरान कल्चर हाउस के मौलाना महदी महदवीपुर ने नमाज-ए-जनाजा पढ़ाई, जिसमें सभी धर्मों के धर्म गुरुओं ने हिस्सा लिया। इससे पहले सादगी पसंद मौलाना की एक झलक पाने की बेकरारी उनके चाहने वालों में दिखाई पड़ी। नम आंखों और गम के माहौल में हर ओर सिर्फ मौलाना की इंसानियत की बात करता नजर आया।

यह भी पढ़ें- नहीं रहें शिया धर्म गुरु व मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्‍यक्ष मौलाना कल्‍बे सादिक

डॉ. कल्बे सादिक के अंतिम दर्शन के लिए उप मुख्यमंत्री डॉ.दिनेश शर्मा ने दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि सादगी पसंद शख्सियत हरदम सबके जेहन में रहेगा। धर्म संप्रदाय से ऊपर उठकर इंसानियत का पाठ पढ़ाने वाले मौलाना ने समाज को जोड़ने का काम किया।

इमाम ईदगाह मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने कहा कि उनके जाने से एक नेक इंसान चला गया है। वहीं महंत देव्या गिरि ने कहा कि सर्वधर्म सम्‍भावव की मिसाल रहे मौलाना के विचार समाज को हमेशा आगे बढ़ाने का काम करते रहेंगे। गमगीन माहौल में यूनिटी कॉलेज से चौक के इमामबाड़ा गुफरान माब में आए पार्थिव शरीर के दर्शन के लिए सड़क के किनारे लोगों का हुजूम लगा था। सभी में उनका दर्शन करना की बेकरारी नजर आ रही थी।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस के दिग्‍गज नेता अहमद पटेल का निधन, कोरोना संक्रमित होने के बाद मेदांता में चल रहा था उपचार