मंकीपॉक्स की दस्तक के बाद स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों को जारी की ये एडवाइजरी

मंकीपॉक्स की दस्तक

आरयू वेब टीम। भारत में मंकीपॉक्स का संदिग्ध मरीज के मिलने के बाद केंद्र सरकार अलर्ट हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय एक्शन में आते हुए एडवाइजरी जारी की है। जिसमें राज्यों को सतर्कता बरतने के साथ मंकीपॉक्स के संदिग्ध मराीजाें की जांच करने और उनके संपर्क में आने वाले लोगों का पता लगाने की सलाह दी गई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा लिखे गए लेटर में कहा गया है कि विश्‍व स्वास्थ्य संगठन ने मंकीपॉक्स को चिंता का विषय घोषित किया है। इसलिए इस पर सख्ती से निगरानी और इससे निपटने के सभी उपाय किए जाने चाहिए। इस संबंध में सारी जानकारी स्वास्थ्य मंत्रालय को दी जानी चाहिए। मंत्रालय ने कहा है कि मंकीपॉक्स के संदिग्ध मरीजों के सैंपल की जांच के लिए कई लैब निर्धारित की गई हैं जिनकी जानकारी सभी राज्यों को दी गई है।

एडवाइजरी में दिए ये निर्देश

स्वास्थ्य मंत्रालय की एडवाइजरी के अनुसार राज्यों के लिए एक निगरानी रणनीति जारी की है। इसमें परीक्षण के लिए प्रयोगशालाओं की सूची, नैदानिक प्रबंधन प्रोटोकॉल और संक्रमण रोकथाम व नियंत्रण के लिए अन्य संचार रणनीतियां शामिल हैं।

राज्य और जिला स्तर के स्वास्थ्य सुविधाओं के वरिष्ठ अधिकारी सार्वजनिक स्वास्थ्य तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

संदिग्ध और पुष्टि किए गए मामलों के लिए अस्पतालों में अलगाव सुविधाओं की पहचान की जानी चाहिए।

मंत्रालय ने राज्यों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि इन सुविधाओं में प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध हों।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम के तहत संपर्क ट्रेसिंग के लिए रोग निगरानी इकाइयों को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया है। राज्यों को स्वास्थ्य कर्मियों, विशेषकर त्वचा और यौन संचारित रोग क्लीनिकों में कार्यरत कर्मियों को मंकीपॉक्स के सामान्य लक्षणों और निदान के बाद उठाए जाने वाले कदमों के बारे में जानकारी देने की बात कही है।

यह भी पढ़ें- भारत में मंकीपॉक्स का एक और संदिग्ध केस मिला, आइसोलेशन में भेजा गया युवक

केंद्र ने कहा है कि संदिग्ध मामलों की जांच और परीक्षण समुदाय में, अस्पताल आधारित निगरानी से लेकर राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन द्वारा पहचाने गए हस्तक्षेप स्थलों पर की जानी चाहिए। एडवाइजरी में कहा गया है कि सभी राज्य समुदाय को इस बीमारी, इसके फैलने के तरीकों, समय पर रिपोर्टिंग और रोकथाम के उपायों के बारे में जागरूक करें। जनता के बीच किसी भी तरह के अनुचित भय को रोका जाए।

गौरतलब है कि रविवार को भारत में मंकीपॉक्स का संदिग्ध मरीज मिला था। बताया जा रहा है वो विदेश से भारत लौटा था। फिलहाल वो अस्पताल में आइसोलेटेड है। उसके संपर्क में आए लोगों की ट्रेसिंग की जा रही है।

यह भी पढ़ें- भारतीय कंपनी का दावा, मंकीपॉक्स का पता लगाने वाली रियल टाइम किट की तैयार