आरयू वेब टीम। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने रविवार को तेजस्वी यादव को अपना नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष चुन लिया है। ये फैसला पटना में राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की अहम बैठक में लिया गया। बैठक में पार्टी के बड़े नेता लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और मीसा भारती समेत लगभग सभी वरिष्ठ नेता मौजूद थे। बैठक में बिहार प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने इस ऐलान की जानकारी दी।
प्रस्ताव को भोला यादव ने पेश किया था, लालू प्रसाद यादव के निर्देश पर रखा गया। कार्यकारिणी के सदस्यों ने हाथ उठाकर प्रस्ताव का समर्थन किया। पार्टी सूत्रों के अनुसार, तेजस्वी यादव को अब सभी अध्यक्षीय शक्तियां दी गई हैं। राजद नेताओं का कहना है कि तेजस्वी ही अब बिहार और राजद के भविष्य हैं। इसी कारण उन्हें सर्वसम्मति से पार्टी का नया कार्यकारी बॉस चुना गया। लालू प्रसाद ने इसके लिए सर्टिफिकेट भी तेजस्वी यादव को सौंपा।
यह भी पढ़ें- बिहार वोटर लिस्ट में गड़बड़ी पर बोले तेजस्वी, नहीं सुधरे हालात तो खटखटाएंगे सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा
पिछले साल बिहार विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद राजद ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाने का निर्णय लिया था, जिसमें नेतृत्व संबंधी महत्वपूर्ण फैसले लिए जाने की संभावना जताई गई थी। गौरतलब है कि साल 1997 में जनता दल से अलग होकर राजद की स्थापना करने वाले लालू प्रसाद यादव पार्टी के शीर्ष पद पर लंबे समय से बने हुए हैं। हालांकि उनकी सर्वोच्चता निर्विवाद है, लेकिन 80 वर्ष से अधिक आयु और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों को देखते हुए पार्टी ने संगठन के रोजमर्रा के कामकाज के लिए नेतृत्व की दूसरी पंक्ति को जिम्मेदारी सौंपी है।



















