केमिकल फैक्ट्री के भीषण धमाके में दस कर्मचारियों की मौत, 20 घायल

केमिकल फैक्ट्री
केमिकल फैक्ट्री में विस्फोट के बाद राहत बचाव करती टीम।

आरयू वेब टीम। तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में सोमवार को एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। जिससे आग ने पलभर में पूरी इकाई को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दस कर्मचारियों की मौत हो गई है, जबकि धमाके से 20 से अधिक श्रमिक घायल हो गए हैं। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक तेलंगाना के पाशा मेलाराम औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में आज करीब नौ बजे ब्लास्ट हुआ। धमाका इतना तीव्र था कि इसकी गूंज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और आस-पास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना शक्तिशाली था कि अंदर काम कर रहें कर्मचारी हवा में उछलकर दूर जा गिरे। घटना के बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई और मजदूर जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही चार दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए।

राहत कार्य के लिए 108 एंबुलेंस सेवाएं और चिकित्सा टीमें भी मौके पर पहुंचीं। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को हैदराबाद रेफर किया गया है, जबकि अन्य को टनचेरु के अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है, जबकि खबर लिखे जाने तक दस मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं विस्फोट के बाद फैक्ट्री की इमारत का एक हिस्सा ढह गया, जिससे कुछ मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय प्रशासन ने एहतियातन फैक्ट्री परिसर और आसपास के क्षेत्रों को खाली करवा दिया है।

यह भी पढ़ें- चारमीनार के पास लगी भीषण आग में आठ मासूमों समेत परिवार के 17 सदस्‍यों की दर्दनाक की मौत

स्थानीय जानकारी के मुताबिक, संबंधित केमिकल फैक्ट्री में फार्मास्युटिकल पाउडर का उत्पादन किया जाता था। यहां विभिन्न राज्यों से आए करीब सौ से अधिक मजदूर कार्यरत थे। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में मजदूरों के परिजन फैक्ट्री के बाहर जमा हो गए हैं। इस दौरान प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल से दूरी बनाए रखने की अपील की है। घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और अधिकारियों ने कहा है कि पूरी स्थिति की बारीकी से समीक्षा की जा रही है।

यह भी पढ़ें- नोएडा की केमिकल कंपनी में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी