नोएडा की केमिकल कंपनी में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी

केमिकल कंपनी
केमिकल कंपनी से उठती आग की लपटे व धुंऐ का गुबार।

आरयू वेब टीम। नोएडा की एक केमिकल कंपनी में शुक्रवार को भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। जिससे इलाके में हड़कंप मच गया और दहशत में आए लोग इधर से उधर भागने लगे। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने आस-पास के लोगों को फैक्ट्री  की जगह से दूर किया है और पास में बनी अन्य फैक्ट्री को भी खाली कराया।

मिली जानकारी के मुताबिक नोएडा के थाना फेज-1 के D-93 सेक्टर 2 में पेंट केमिकल की कंपनी है, जिसमें आज सुबह आग लग गई। पेंट्स की कंपनी होने के कारण उसमें काफी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ था जिससे आनन-फानन में आग ने विकराल रूप ले लिया। आग से धुएं का घना गुबार और लपटे देख पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वहीं घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कुल 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, जिनमें शुरुआती तौर पर सात गाड़ियां आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गईं। इसके साथ ही नोएडा पुलिस की टीमें और थाना फेज-1 का स्थानीय पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा।

जहां सुरक्षा के मद्देनजर आसपास की कई कंपनियों और फैक्ट्रियों को तुरंत खाली कराया गया है। फायर ब्रिगेड लगातार आग को नियंत्रित करने की कोशिश में लगी रही है। हालांकि, अभी तक आग लगने के कारणों का स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है।

यह भी पढ़ें- सआदतगंज में लगी भीषण आग में 18 झोपड़ियां राख, सिलेंडर के धमाकों से कांपी मकानों की दीवारें

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले फैक्ट्री के पीछे वाले हिस्से में लगी और पूरे परिसर में फैल गई। अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि कंपनी के अंदर रखे गए केमिकल्स और ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने में समय लग सकता है। दमकल विभाग की टीमें स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में लाने तक ऑपरेशन जारी रखेंगी।

यह भी पढ़ें- स्‍लीपर बस ने किसान पथ को बनाया यात्रियों की मौत का पथ, आग लगने से जिंदा जल गए महिलाओं-बच्‍चों सहित पांच लोग