तीसरे दिन भी युद्ध जारी, यूक्रेन को सैन्य व आर्थिक मदद देंगे अमेरिका समेत 28 यूरोपीय देश

रूस और यूक्रेन

आरयू इंटरनेशनल डेस्क। रूस और यूक्रेन के बीच आज तीसरे दिन भी युद्ध जारी है। दोनो देशों के बीच बन रही स्थिति को देखते हुए यूके, अमेरिका व अन्य यूरोपीय देशों सहित 28 देशों ने यूक्रेन को आर्थिक मदद, हथियार, स्वास्थ्य सुविधा व अन्य सैन्य सहायता देने पर सहमति व्यक्त की है।

युद्ध के बीच दोनों देशों के अलग-अलग दावे हैं। रूस ने दावा किया है कि उनकी सेना ने यूक्रेन के 211 सैन्य ठिकानों को नष्ट कर दिया है। दूसरी और यूक्रेन का दावा है कि उसने रूस के कम से कम 80 टैंक्स, 516 बख्तरबंद गाड़ियां, दस एयरक्राफ्ट, सात हेलीकॉप्टर और 20 क्रूज मिसाइलों को नष्ट कर दिया है।

इतना ही नहीं, यूक्रेन की ओर से तो यह भी दावा किया जा रहा है कि उन्होंने एक हजार से ज्यादा रूसी सैनिकों को मार गिराया है। दूसरी और यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा है कि अब तक के युद्ध में उनके 137 हीरोज ने जान गवाई हैं। कुल मिलाकर देखें तो फिलहाल हथियार डालने के मूड में दोनों देशों में से कोई नहीं है। इसका मतलब साफ है कि युद्ध लंबा चल सकता है।

गुरुवार को यूक्रेन और रूस के बीच उस समय युद्ध शुरू हुआ था जब रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सैन्य कार्यवाही के निर्देश दिए थे। रूस की ओर से दावा किया जा रहा है कि आज उसकी सेना राजधानी कीव के आसपास पहुंच गई है क्योंकि आसपास में फाइटर प्लेन की गर्जना भी सुनाई दे रही है जिसकी वजह से वहां के लोगों में खौफ व्याप्त है। लोग अपने घरों में या बंकरो में दुबके हुए हैं। साथ ही साथ कई लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने के लिए अब भी संघर्ष कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- यूक्रेन पर रूसी हमले के साथ धड़ाम हुआ शेयर बाजार, कुछ ही मिनटों में भारतीयों के डूब गए नौ लाख करोड़ रुपये

यूक्रेन यह भी दावा कर रहा है कि उसने रूस के मिलिट्री प्लेन को भी मार गिराया है। युद्ध से सैकड़ों लोगों के हताहत होने की सूचनाओं के बीच कीव में इमारतों, पुलों और स्कूलों के सामने भी गोलीबारी और विस्फोटों की घटनाएं हुई हैं। इस बात के भी संकेत बढ़ रहे थे कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन की मौजूदा सरकार को उखाड़ फेंकने की कोशिश कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- यूक्रेन में घुसे रूस के टैंक, राजधानी कीव समेत कई शहरों पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला