यूक्रेन पर रूसी हमले के साथ धड़ाम हुआ शेयर बाजार, कुछ ही मिनटों में भारतीयों के डूब गए नौ लाख करोड़ रुपये

शेयर बाजार

आरयू वेब टीम। यूक्रेन पर रूसी हमले की घोषणा के साथ गुरुवार को घरेलू बाजार धड़ाम हो गया है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन में सैन्य कार्रवाई का आदेश दे दिया, इसके साथ ही यूक्रेन में रूस का हमला शुरू हो गया है। इसके चलते शेयर बाजार तेजी से लुढ़के। आज शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स में 2,000 से ज्यादा अंकों की गिरावट दर्ज की गई।

घरेलू शेयर बाजार का प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी तीन फीसदी से ज्यादा टूट गया है। इस गिरावट में निवेशकों के नौ लाख करोड़ रुपये डूब गए है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि ग्लोबल शेयर बाजारों में घबराहट है, इसीलिए भारतीय बाजारों पर दबाव है। मौजूदा समय में नए निवेश से फिलहाल बचना चाहिए।

सुबह 9.50 पर सेंसेक्स में 2,006.71 अंकों या 3.51 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई और इंडेक्स लुढ़ककर 55,225.35 के स्तर पर आ गया। वहीं, निफ्टी भी 572.05 अंकों या 3.35 प्रतिशत की गिरावट लेकर 16,491.20 के स्तर पर चला गया।

यह भी पढ़ें- ओमीक्रॉन संकट से शेयर बाजार धराशायी, सेंसेक्स 1377 अंक टूटा, निवेशकों के छह लाख करोड़ रुपये डूबे

बता दें कि शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 1,461 अंक टूटकर 55,770 पर आया था, वहीं, निफ्टी 430 अंक फिसलकर 16,633 पर आया, लेकिन रूसी हमले की खबर के चलते निवेशक सतर्क हो गए और बाजार ने तेज गिरावट देखी। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स के सभी शेयर भारी नुकसान के साथ कारोबार कर रहे थे। सबसे अधिक नुकसान वाले शेयरों में एयरटेल, इंडसइंड बैंक, टेक महिंद्रा और एसबीआई शामिल थे।

एशियाई बाजारों में जबरदस्त गिरावट नजर आई। जापान का निक्केई 2.17 फीसदी गिर गया। साउथ कोरिया के कॉस्पी ने सुबह 2.66 फीसदी की गिरावट देखी। शंघाई कॉम्पोजिट इंडेक्स में 0.89 फीसदी की गिरावट दिखी। यूक्रेन-रूस संकट को देखते हुए ब्रेंट क्रूड तेल आठ साल में पहली बार बढ़कर 100 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल हो गया। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 3,417.16 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

यह भी पढ़ें- यूक्रेन में घुसे रूस के टैंक, राजधानी कीव समेत कई शहरों पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला