गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर तिरंगा पदयात्रा निकाल AAP ने कहा, राष्ट्रवाद के नाम पर संविधान कमजोर करने की हो रही कोशिश

तिरंगा पदयात्रा
तिरंगा पदयात्रा निकालते आप के नेता व कार्यकर्ता। (फोटो-आरयू)

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्रीय एकता के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए आम आदमी पार्टी ने लखनऊ में तिरंगा पदयात्रा निकाली। यह पदयात्रा जिला अध्यक्ष इरम रिजवी के नेतृत्व में छोटा इमाम बाड़ा से रूमी गेट हुसैनाबाद तक निकाली गयी। पदयात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों की गूंज, हाथों में लहराता तिरंगा और “भारत माता की जय”, “संविधान बचाओ–लोकतंत्र बचाओ” जैसे नारे आप नेता व कार्यकार्ता ने लगाए।

इस मौके पर आप के प्रदेश प्रवक्ता प्रिंस सोनी ने कहा कि “आज देश में राष्ट्रवाद के नाम पर संविधान को कमजोर करने की कोशिशें की जा रही हैं। आम आदमी पार्टी स्पष्ट कहना चाहती है कि तिरंगे का सम्मान तभी सार्थक है, जब संविधान और लोकतंत्र सुरक्षित रहें।”

उन्होंने कहा कि भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा लिखित संविधान देश के गरीब, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और आम नागरिक की ढाल है। “जो लोग संविधान बदलने की बात करते हैं, वे असल में आम जनता के अधिकार छीनना चाहते हैं।”

महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा व स्वास्थ्य जैसे मुद्दों से भटकाने के लिए…

जिला अध्यक्ष इरम रिजवी ने कहा कि“ आज महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए जनता को बांटने की राजनीति की जा रही है। आम आदमी पार्टी ऐसी राजनीति का पुरजोर विरोध करती है और जनहित की राजनीति को आगे बढ़ाती रहेगी।”

26 जनवरी केवल झंडा फहराने का दिन नहीं

शिक्षक प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने कहा कि “26 जनवरी केवल झंडा फहराने का दिन नहीं, बल्कि सत्ता से सवाल पूछने और संविधान के मूल्यों समानता, न्याय और भाईचारे की रक्षा का संकल्प लेने का दिन है।” महेंद्र ने यह भी कहा कि अगर संविधान और लोकतंत्र पर किसी भी तरह का हमला हुआ तो आप सड़क से लेकर सदन तक जनता की आवाज बनेगी।

यह भी पढ़ें- ‘वोट बचाओ, संविधान बचाओ’ पदयात्रा की यूपी में शुरूआत कर बोले AAP सांसद, आखिरी दम तक लड़ेंगे लड़ाई

पदयात्रा में निवर्तमान प्रदेश महासचिव दिनेश पटेल, प्रखर श्रीवास्तव, प्रदेश उपाध्यक्ष वैभव प्रकाश, ज्ञान सिंह कुशवाहा, बलराम साहनी, सुधीर पटेल, प्रितपाल सिंह सलूजा, पीके बाजपेई, अनुज पाठक, राजेन्द्र राजश्री, बीएन खरे व  नूर सिद्दकी समेत अन्‍य मौजूद।