त्रिपुरा में भाजपा ने 48 सीटों पर की उम्मीदवारों की घोषणा

त्रिपुरा चुनाव

आरयू वेब टीम। देश में इस साल नौ राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस समेत सभी राजनैतिक दलों ने अपनी कमर कस ली है। इस क्रम में अगले माह त्रिपुरा में होने जा रहे विधानसभा चुनाव की कड़ी में भाजपा ने त्रिपुरा में कुल 60 सीटों में से 48 पर शनिवार को भाजपा के उम्मीदवार घोषित किए गए। जबकि 12 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा जल्द की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा टाउन बोर्डोवाली सीट से चुनाव लड़ेंगे।

वहीं केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक धनपुर से चुनाव मैदान में उतरेंगी, शुक्रवार को भाजपा में शामिल हुए मोहम्मद मोबश्‍शर अली कैलाशहर से चुनाव लड़ेंगे। साथ ही राज्य भाजपा प्रमुख राजीब भट्टाचार्जी बनमलीपुर से चुनाव मैदान में उतरेंगे, जबकि त्रिपुरा में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों को लेकर मंथन के लिए शुक्रवार को भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक की थी। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद थे।

यह भी पढ़ें- MLC चुनाव: भाजपा ने किया पांच उम्मीदवारों के नाम का ऐलान, जानें किसे कहां से मिला टिकट

साथ ही बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित पार्टी की सीईसी के अन्य सदस्य मौजूद थे। बैठक में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा और प्रदेश इकाई के कोर समूह के सदस्य भी शामिल हुए। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देव इस बार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे।

गौरतलब है कि 18 जनवरी 2023 को भारतीय निर्वाचन आयोग ने पूर्वोत्तर के तीन राज्यों के चुनाव की तारीखों की घोषणा की थी। तीनों राज्यों त्रिपुरा, नगालैंड और मेघालय में दो चरणों में चुनाव होंगे। त्रिपुरा में 16 फरवरी 2023 को मतदान होगा। वहीं, नगालैंड और मेघालय में एक साथ 27 फरवरी को वोटिंग होगी। तीनों ही राज्यों में चुनाव परिणाम दो मार्च 2023 को आएंगे।

यह भी पढ़ें- जून 2024 तक JP नड्डा के पास रहेगी भाजपा की कमान, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने की घोषणा