आरयू ब्यूरो,लखनऊ। लंबे समय से छात्र जिस घोषणा का इंतजार कर रहे थे, वह अब आधिकारिक रूप से सामने आ चुकी है। यूपी बोर्ड ने 2026 इंटरमीडिएट की प्रैक्टिकल परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है। इस बार प्रैक्टिकल परीक्षाएं दो चरणों में होंगी, ताकि सभी मंडलों में मूल्यांकन सुचारू और व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जा सके। सचिव ने छात्रों से भी अपील की है कि वे अपने विद्यालयों से संपर्क में रहें, प्रैक्टिकल फाइलें और रिकॉर्ड समय पर पूरा करें और परीक्षा तिथियों को ध्यान में रखते हुए अपनी तैयारी को अंतिम रूप दें।
मिली पहले चरण की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 24 जनवरी से एक फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएंगी। इस चरण में निम्नलिखित मंडलों में परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। जिनमें आगरा, सहारनपुर, बरेली, लखनऊ, झांसी, चित्रकूट, अयोध्या, आजमगढ़, देवीपाटन, बस्ती शामिल है। इस दौरान 29 और 30 जनवरी को परीक्षाएं नहीं होंगी, क्योंकि इन दो दिनों में यूपीटीईटी की लिखित परीक्षा निर्धारित है। यूपीटीईटी के चलते कई विद्यालयों में अवकाश रहेगा, इसलिए इन तिथियों पर प्रैक्टिकल रोकने का निर्णय लिया गया है।
इसी क्रम में दूसरे चरण की प्रैक्टिकल परीक्षाएं दो फरवरी से नौ फरवरी 2026 के बीच होंगी। इस चरण में निम्नलिखित मंडलों में परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। जिनमें अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, कानपुर, प्रयागराज,मिर्जापुर, वाराणसी, गोरखपुर शामिल है। दो चरणों में परीक्षा आयोजित करने का उद्देश्य यह है कि किसी भी मंडल में भीड़भाड़ न हो और सभी छात्रों को समान रूप से परीक्षा देने का अवसर मिल सके।
यह भी पढ़ें- SIR के कारण अब टली यूपी के परिषदीय स्कूलों की परीक्षाएं
वहीं हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षाएं विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन (प्रोजेक्ट कार्य) के आधार पर होंगी। वहीं, हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की नैतिक शिक्षा, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा के प्राप्तांक विद्यालय के प्रधानाचार्य के माध्यम से परिषद की वेबसाइट http://upmsp.edu.in पर ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे। प्राप्तांक अपलोड करने के लिए परिषद की वेबसाइट दस जनवरी 2026 से सक्रिय कर दी जाएगी। विद्यालय स्तर पर आयोजित होने वाली कक्षा 12 की प्री-बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षाएं जनवरी के प्रथम सप्ताह में संपन्न कराई जाएंगी।
यह भी पढ़ें- UP बोर्ड ने जारी की 10वीं-12वीं के एग्जाम सेंटर्स की लिस्ट, यहां क्लिक कर देखें




















