अब यूपी बोर्ड जीव विज्ञान व गणित का पेपर व्हाट्सएप पर हुआ वायरल

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी बोर्ड की तरफ से 10वीं-12वीं की परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। आगरा में यूपी बोर्ड परीक्षा की दूसरी पाली में आज इंटर के गणित और जीव विज्ञान का पेपर कराया गया। वहीं, दोपहर तीन बजे एक ग्रुप पर जीव विज्ञान का पेपर अपलोड हो गया। इससे पेपर लीक होने की चर्चा होने लगी है। हालांकि मामले में शिक्षा विभाग के अधिकारी जांच की बात कह रहे हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक जीव विज्ञान पेपर का कोड 338 जीएल और सीरियल 153 है। पेपर के सभी पन्नों को ग्रुप में डाला गया। हालांकि, जब ग्रुप में पेपर को लेकर लोगों ने कमेंट किया तो उसे डिलीट कर दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक बोर्ड पेपर लीक होने से संबंधित जानकारी यूपी बोर्ड को उपलब्ध करवा दी गयी है। अब बोर्ड की ओर से क्या निर्णय लिया जाता है यह जांच के बाद ही पता चलेगा।

यह भी पढ़ें- पेपर लीक होने की चर्चा के साथ ISC Board केमिस्ट्री का पेपर रद्द

पेपर लीक होने के बाद पर्यवेक्षक डॉ. मुकेश अग्रवाल ने भी माना कि जो पेपर व्हाट्सएप पर वायरल हुआ है वही पेपर दूसरी शिफ्ट में आया था। उनके अनुसार अब इस मामले की जांच की जा रही है और इसी के अनुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी। अब इस पेपर लीक के लिए जांच शुरू कर दी गयी है। जांच के द्वारा सबसे पहले यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पेपर किस सेंटर से लीक हुआ है। इस मामले में पूरी जानकारी मिलने के बाद ही आगे की कार्यवाही की जाएगी।

बता दें कि गणित एवं बायोलॉजी विषय की परीक्षा की शुरुआत दोपहर दो बजे से हुई थी, लेकिन एग्जाम के एक घंटे बाद ही यानी तीन बजे पेपर व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल हो गया।

यह भी पढ़ें- यूपी सिपाही भर्ती: सहायक शिक्षक-स्टेशन मास्टर समेत पेपर लीक व सॉल्‍वर गैंग से जुड़े 21 को STF ने दबोचा, इन तरीकों से हुई थी 15 लाख तक में डील