UP Budget 2026: CM योगी ने अपने बजट को बताया ऐतिहासिक-दूरदर्शी, कही ये बातें

यूपी बजट
प्रेसवार्ता में बोलते सीएम योगी साथ में डिप्टी सीएम व वित्त मंत्री।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के बजट को ऐतिहासिक और दूरदर्शी बताते हुए कहा कि ये हर वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित है।  साथ ही ये स्पष्ट किया कि बिना कोई नया टैक्स लगाए जनता को अधिकतम लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया है। योगी ने इस बजट को ‘सुरक्षित नारी, सक्षम युवा, खुशहाल किसान और हर हाथ को काम’ की थीम पर आधारित बताया।

बजट के बाद आयोजित प्रेसवार्ता में सीएम योगी ने गर्व जताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे विशाल राज्य में पहली बार किसी मुख्यमंत्री को लगातार 10वीं बार बजट पेश करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि ये केवल एक वित्तीय दस्तावेज नहीं, बल्कि बीते नौ वर्षों के नव निर्माण की गाथा है। उनके अनुसार, पिछले नौ साल में राज्य का बजट आकार तीन गुना से अधिक बढ़ा है, जो बेहतर वित्तीय प्रबंधन का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को ‘पॉलिसी पैरालिसिस’ की स्थिति से बाहर निकालकर मजबूत अर्थव्यवस्था की ओर अग्रसर किया गया है। कुशल वित्तीय प्रबंधन के चलते उत्तर प्रदेश को सरप्लस स्टेट बनाने का दावा करते हुए कहा कि आज यूपी देश की टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और बेरोजगारी दर में उल्लेखनीय कमी आई है।

यह भी पढ़ें- यूपी बजट में दस लाख रोजगार, मेडिकल कॉलेज समेत योगी सरकार ने किए बड़े ऐलान

वहीं बजट में 43,565 करोड़ रुपये से अधिक की राशि नई योजनाओं के लिए प्रस्तावित की गई है, जबकि दो लाख करोड़ रुपये से अधिक पूंजीगत व्यय के लिए निर्धारित किए गए हैं। सरकार का फोकस बुनियादी ढांचे, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन पर है। सीएम ने इसे “इम्प्लॉयमेंट जेनरेटर बजट” करार दिया। साथ ही युवाओं को रोजगार देने के लिए न्यू इकोनॉमिक जोन क्लस्टर विकसित करने का प्रावधान किया गया है। राज्य में सिंगल विंडो सिस्टम को और प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि निवेशकों को सहूलियत मिले।

सीएम ने कहा कि ‘रूल ऑफ लॉ’ और स्मार्ट पुलिसिंग के कारण ही आज निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। आगे कहा कि यह बजट उत्तर प्रदेश को आत्मनिर्भर, निवेश-अनुकूल और रोजगार सृजक राज्य बनाने की दिशा में मजबूत कदम है।

यह भी पढ़ें- केंद्रीय बजट को CM योगी ने बताया देश के भविष्य के लिए “विजनरी, ये बातें भी कहीं