CM योगी का सपा पर हमला, मैनपुरी को समाजवाद नहीं चाहिए रामराज्य

मैनपुरी में योगी
जनसभा को संबोधित करते सीएम योगी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/मैनपुरी। मैनपुरी लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर देखी जा रही है। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मैनपुरी जनपद के क्रिश्चियन मैदान में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान सीएम योगी के निशाने पर समाजवादी पार्टी और सैफई परिवार रहा। हमला बोलते हुए सीएम ने कहा कि ये जेपी का समाजवाद नहीं है, लोहिया का समाजवाद भी नहीं। सैफई परिवार में समाजवाद के कई ब्रांड हैं।

योगी ने कहा कि शिवपाल का समाजवाद, जिसकी लाठी उसकी भैंस यानी लठैत समाजवाद है। रामगोपाल यादव का समाजवाद पूंजीवाद में बदल गया है। अखिलेश यादव का समाजवाद अवसरवादी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी समाजवादी पार्टी चुनाव हारती है, बेचारी डिंपल को आगे कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में सैफई परिवार से मुक्ति पाने का अवसर है। मैनपुरी को समाजवादी नहीं रामराज्य चाहिए।

यह भी पढ़ें- करहल चुनाव प्रचार में मुख्‍यमंत्री योगी ने चाचा-भतीजे पर बोला हमला, कही ये बातें

इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभा में आए लोगों से भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य के समर्थन में वोट करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में मैनपुरी की जनता का उत्साह देख समाजवादी पार्टी बौखला गई है। सपा जब भी चुनाव हारती है, बहाना बनाती है। कभी ईवीएम को तो कभी चुनाव आयोग को। कभी भाजपा के नेताओं को, कभी प्रशासन-पुलिस को दोषी ठहराकर बहाना ढ़ूढ लेती है। सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोगों ने अपना विकास किया। अपने परिवार का विकास किया।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का योगी पर पलटवार, जिसने खुद नहीं पढ़ी फिजिक्स, हम लोगों को सिखा रहे पेंडुलम