आरयू ब्यूरो, लखनऊ। बुधवार को योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल के आखिरी बजट में कई बड़े ऐलान किए गए हैं। इनमें दस लाख रोजगार से लेकर राज्य में नए मेडिकल कॉलेज बनाने तक की योजनाएं शामिल हैं। योगी सरकार के इस बजट में दस लाख रोजगार, 16 नए मेडिकल कॉलेज और तीन नई यूनिवर्सिटी भी शामिल है। साथ ही मेधावा छात्राओं के लिए स्कूटी योजना के लिए भी बड़े बजट का ऐलान किया गया है।
यह भी पढ़ें- केंद्रीय बजट 2026-27 पेश कर वित्त मंत्री ने सेमी कंडक्टर मिशन 2.0 का किया ऐलान, कही ये बातें
इस बजट में सरकार ने दस लाख नए रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। ये रोजगार सरकारी और प्राइवेट सेक्टर में पैदा करने की बात कही गयी है। साथ ही युवाओं को अलग-अलग स्किल डेवलपमेंट और स्टार्टअप योजनाओं पर भी ध्यान दिया जाएगा। शिक्षा और स्किल डेवलपमेंट पर पर ज्यादा ध्यान दिया गया है। बजट में दस लाख रोजगार, 44 हजार शिक्षकों की भर्ती, 16 नए मेडिकल कॉलेज, तीन नए विश्वविद्यालय और स्कूटी योजना के लिए बड़े बजट घोषित किए गए हैं।
एक हजार करोड़ रुपये का इंतजाम
साथ ही योगी सरकार ने युवाओं को अपना बिजनेस शुरू करने में मदद के लिए नई योजना का ऐलान किया है, जिसके लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की शुरुआत की गई है। इसके लिए बजट में एक हजार करोड़ रुपये का इंतजाम किया गया है। जिसके तहत युवा आसानी से अपना कारोबार शुरू कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना
साथ ही सरकार ने अपने इस बजट में एक और नई योजना का भी ऐलान किया। जिसमें मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत 225 करोड़ रुपये का बजट दिया गया है। जिसमें युवाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण, सब्सिडी और ट्रेनिंग दी जाएगी।
मेडिकल शिक्षा पर जोर
वहीं सदन में बताया गया है कि बजट में मेडिकल शिक्षा पर जोर दिया गया है। राज्य में अभी 45 सरकारी, 36 प्राइवेट कॉलेजों को मिलाकर कुल 81 मेडिकल कॉलेज हैं। ये मेडिकल कॉलेज राज्य के 60 जिलों में हैं। अब 16 जिलों में पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी मॉडल) के तहत खोले जाएंगे, जिनके लिए योगी सरकार ने 1023 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया गया है। जिसके तहत यूपी में अब एमबीबीएस की सीटें बढ़कर 12,800 हो गई हैं। ये 2017 में 4540 थीं, जबकि पीजी की सीटें इन नौ सालों में 1221 से बढ़कर 4995 हो गई हैं। साथ ही कैंसर संस्थान लखनऊ के लिए 315 करोड़ रुपये का अलग से बजट दिया गया है। वहीं मेधावी छात्राओं के लिए स्कूटी योजना के तहत 400 करोड़ रुपये का बजट दिया गया है।
युवाओं को इंटर्नशिप और स्किल ट्रेनिंग
साथ ही योगी सरकार ने इस बार बजट में युवाओं को कौशल विकास और रोजगार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री शिक्षुता प्रोत्साहन योजना के लिए 40 करोड़ रुपये का बजट दिया है। जिसमें युवाओं को इंटर्नशिप और स्किल ट्रेनिंग दी जाएगी।
तीन नई यूनिवर्सिटी का होगा निर्माण
इसके अलावा बताया गया है कि उच्च शिक्षा को बेहतर और मजबूत करने के लिए राज्य में तीन नई यूनिवर्सिटी बनाई जाएंगी। योगी सरकार ने हर यूनिवर्सिटी के लिए 50-50 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया है। इनमें विंध्याचल मंडल में मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय का निर्माण मिर्जापुर, मुरादाबाद मंडल में गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय का निर्माण मुरादाबाद और देवीपाटन मंडल में मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय का निर्माण बलरामपुर में होगा। जबकि शाहजहांपुर में स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय के निर्माण के लिए 21 करोड़ रुपये का बजट दिया गया है।




















