यूपी बजट सत्र शुरू होते ही सपा-कांग्रेस विधायकों ने जताया विरोध, इससे नाराज राज्‍यपाल ने कहा आप लोग बस कर रहे हंगामा

यूपी बजट सत्र
सदन में बोलीं राज्यपाल व प्रदर्शन करते विपक्ष के नेता।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश विधानमंडल बजट सत्र 2026-27 का आगाज सोमवार को हो गया। पहले दिन राजयपाल आनंदी पटेल के अभिभाषण के दौरान सपा और कांग्रेस सदस्‍यों ने विधानसभा में जमकर विरोध किया। इसपर राज्‍यपाल भड़क गईं। आनंदीबेन ने कहा ‘आप लोगों के समय में यह जीरो था जीरो। पांच-सात सालों से आप लोग बस हंगामा ही कर रहे हैं। आगे भी आपका जीरो ही रहने वाला है।’

दरअसल, अभिभाषण के दौरान राज्‍यपाल योगी सरकार की उपलब्धियां गिना रही थीं। इस पर सपा और कांग्रेस के विधायक नारेबाजी करने लगे। वहीं बजट सत्र की शुरुआत से पहले समाजवादी पार्टी के विधायकों और विधान परिषद सदस्यों ने विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया। सपा सदस्यों ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के पास एकत्र होकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

यह भी पढ़ें- UP: बजट सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक कर नेता सदन ने मांगा विपक्षी दलों से सहयोग

इस बीच समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा बजट सत्र में शामिल होने साइकिल से विधानसभा पहुंचे। उन्होंने वाराणसी में मंदिर तोड़े जाने के मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि वह इस विषय को सत्र के दौरान प्रमुखता से उठाएंगे। कांग्रेस विधायक व नेता विधानमंडल दल आराधना मिश्रा मोना ने समाजवादी पार्टी के साथ सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान विधायक जाहिद बेग नारे लिखी तख्तियां लेकर सदन पहुंचे और लगातार नारेबाजी की।

गौरतलब है कि मंगलवार को विधानसभा की कार्यवाही पूर्व एवं वर्तमान दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी जाएगी। बुधवार को राज्य सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत करेगी। बजट सत्र के मद्देनजर विधानभवन और उसके आस-पास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इससे पहले रविवार को आयोजित सर्वदलीय बैठक और कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में सभी दलों ने सदन की कार्यवाही को सुचारू रूप से संचालित करने में सहयोग का आश्वासन दिया।

यह भी पढ़ें- नौ फरवरी से शुरू होगा यूपी विधानमंडल का बजट सत्र, अधिसूचना जारी