समाजवादी पार्टी की यूपी जीत से भाजपा नहीं कर सकती बिहार की बराबरी: अखिलेश

अखिलेश यादव

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कटाक्ष किया है। सपा मुखिया ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने लोकसभा चुनाव में भाजपा की डबल इंजन सरकारों को हराया है। लोकसभा चुनाव में भाजपा ऐसी-ऐसी सीटें हारी है जिसकी कल्पना नहीं कर सकते हैं। भाजपा बिहार की जीत को समाजवादी पार्टी की यूपी की जीत से बराबरी नहीं कर सकती है।

शनिवार को अखिलेश यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भाजपा सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर चुनाव परिणाम अपने पक्ष में करती है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश में भी सरकारी मशीनरी का बहुत दुरुपयोग किया है। समाजवादी पार्टी विधान सभा और लोकसभा चुनाव हारी थी, हमने हार से सीखा। समाजवादी पार्टी को 2019 में लोकसभा की पांच सीटें ही मिली थी। 2022 में समाजवादी पार्टी विधानसभा चुनाव में सरकार नहीं बना पायी, लेकिन भाजपा का मजबूती से मुकाबला किया। 2024 लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने भाजपा की डबल इंजन को हराया।

यह भी पढ़ें- VVPT पर्चियां कूड़े में मिलने पर बोले अखिलेश, भाजपा व उसके साथी करते हैं लूटतंत्र में भरोसा

बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम पर अखिलेश ने कहा कि चुनाव में हार और जीत दोनों से सीख मिलती है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं, नौजवानों को सम्मान का जीवन और नौकरी नहीं देना चाहती है। बिहार चुनाव जीतने के बाद भाजपा के लोग कह रहे हैं कि उन्हें महिलाओं का वोट ज्यादा मिला है। भाजपा इसे बता तो सकती है, लेकिन हर महिला को दस हजार रूपये कब तक देंगे यह नहीं बताती है। भाजपा सम्मान का जीवन नहीं देना चाहती है।

अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी-बिहार के लोग सबसे ज्यादा दूसरे राज्यों में परिवार से दूर रहते है। भाजपा सरकार पलायन रोकने के लिए काम नहीं कर रही। दस हजार रुपये देकर वोट ले लिया। अब जैसे दूसरे राज्यों में नियम बनाकर पैसा देना रोक दिया था, वैसे बिहार में भी करेंगे।

यह भी पढ़ें- बिहार के नतीजे को कांग्रेस ने बताया अविश्वसनीय, निर्वाचन आयोग की भूमिका पर भी उठाए सवाल