आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शनिवार को एक बार फिर योगी सरकार की तबादला एक्सप्रेस चली है। जिसमें पांच आइएएस अफसरों का तबादला हुआ है। लिस्ट में सबसे पहले यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नरेंद्र प्रताप का नाम है जिन्हें आगरा का नया मंडलायुक्त बनाया गया है, जबकि रणवीर प्रसाद की जिम्मेदारियों में इजाफा किया गया है।
जारी लिस्ट के मुताबिक मऊ के मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर का तबादला कर फिरोजाबाद का नगर आयुक्त और फिरोजाबाद-शिकोहाबाद विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। साथ ही उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के उपसचिव विवेक कुमार श्रीवास्तव को मऊ का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है।
साथ ही मथुरा के मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीणा का भी ट्रांसफर हो गया है। उन्हें यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। जबकि गाजियाबाद की संयुक्त मजिस्ट्रेट डॉ.पूजा गुप्ता का भी नाम तबादला लिस्ट में है। उन्हें मथुरा का मुख्य विकास अधिकारी बनाया है।
इसके अलावा प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद तथा उपभोक्ता मामले विभाग उत्तर प्रदेश शासन रणवीर प्रसाद की जिम्मेदारियों में इजाफा किया गया है। उन्हें वर्तमान पद के साथ आयुक्त, खाद्य एवं रसद, उत्तर प्रदेश के पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
बता दें कि इसके पहले राज्य सरकार ने गुरुवार को भी चार आइएएस अधिकारियों के तबादले किए थे। कुमार प्रशांत को सचिव राज्य सूचना आयोग बनाया गया था। उनका तबादला पहले निदेशक समाज कल्याण से सचिव गृह के पद पर हुआ था, लेकिन कार्यभार ग्रहण करने पर प्रतीक्षारत कर दिया गया था। गुरुवार को उन्हें नई तैनाती दी गई। साथ ही राजेश कुमार द्वितीय महानिदेशक पर्यटन से सचिव उत्तर प्रदेश राज्य मानवाधिकार आयोग और डा.वेदपति मिश्र सचिव उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग से महानिदेशक पर्यटन बनाए गए थे।




















