यूपी में खत्म होगा उमस-तपिश का दौर, रफ्तार पकड़ेगा मानसून

लखनऊ में बारिश
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में बीते एक सप्ताह से चल रहा गर्मी और तपिश का दौर खत्म होगा और मानसून दोबारा रफ्तार पकड़ेगा। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार से प्रदेश के पूर्वांचल और दक्षिणी-पूर्वी यूपी में अच्छी बारिश देखने को मिलेगी। इसके साथ ही उमस भरी गर्मी से फौरी तौर पर राहत की उम्मीद है।

मौसम विभाग का कहना है कि बारिश का यह दाैर अगले तीन-चार दिनों तक जारी रह कर धीरे-धीरे पश्चिमी यूपी की तरफ बढ़ेगा। इस बीच तराई इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रशांत महासागर में बना एक चक्रवात कमजोर हो कर बंगाल की खाड़ी में पहुंचा है। ये चक्रवाती परिसंचरण शुक्रवार तक कम दबाव के क्षेत्र में बदल जाएगा। इसके असर से प्रदेश के पूर्वांचल और दक्षिणी हिस्से में अच्छी बारिश के आसार हैं।

यह भी पढ़ें- यूपी के 19 शहरों में होगी भारी बारिश, मौसम विभाग ने जारी की वार्निंग

वहीं यूपी के अलावा बिहार में 24 से 28 जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। 24 जुलाई गुरुवार को रोहतास, औरंगाबाद, गया आदि जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट है। 25 जुलाई को बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, नवादा और गया में भारी बारिश हो सकती है।

यह भी पढ़ें- यूपी के इन जिलों में होगी जोरदार बारिश, IMD का अलर्ट जारी