लू व धूप की तपिश से धधक रहे UP के शहर, लखनऊ-बांदा समेत कई जिलों में टूटा गर्मी का रिकॉर्ड

तेज लू
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। यूपी के कई शहर धूप की तपिश और लू के कारण तंदूर का एहसास करा रहे हैं। इस बीच बांदा में शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि अब तक का रिकॉर्ड है। बांदा में दिन का अधिकतम तापमान देश में सबसे ज्यादा रिकॉर्ड किया गया।
यही नहीं यूपी के नौ शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा है।

राजधानी लखनऊ का भी यही हाल रहा जहां 29 अप्रैल को अब तक की सबसे ज्यादा गर्मी पड़ी। यूपी की राजधानी में अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 30 अप्रैल 1999 को 45 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था, जो अब तक का सबसे ज्यादा था।

कानपुर में भी 1973 के बाद शुक्रवार को सबसे ज्यादा गर्मी पड़ी। धूप की तपिश के चलते शहर में दिन का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह प्रयागराज में भी गर्मी ने नया रिकॉर्ड कायम किया है, यहां तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। झांसी में भी 2010 के बाद इतनी गर्मी पड़ी है। 12 सालों बाद दिन का तापमान 46 डिग्री के ऊपर पहुंच गया है। इतना ही नहीं यूपी के कुल नौ शहर ऐसे हैं जहां दिन का अधिकतम तापमान 45 डिग्री या उसके ऊपर दर्ज किया गया है।

यह भी पढ़ें- UP: चिलचिलाती धूप व गर्मी से राहत के नहीं आसार, 20 अप्रैल तक लू चलने की संभावना

बता दें कि इन दिनों यूपी के शहरों में ही देश में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ रही है। गुरुवार को प्रयागराज देश का सबसे गर्म शहर था, तो वहीं बुधवार को झांसी देश का दूसरा सबसे ज्यादा गर्म शहर था।

48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है तापमान

मौसम विभाग के अभी तक के अनुमान के मुताबिक, एक मई तक फिलहाल राहत मिलती नहीं दिख रही है। पूरब से लेकर पश्चिम तक तपिश और लू का सिलसिला यूं ही चलता रहेगा। गर्मी और नई ऊंचाइयां छू सकती है। आशंका जताई गई है कि कुछ शहरों में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

यह भी पढ़ें- अभी नहीं मिलने वाली राहत, आने वाले दिनों में और कहर बरपाएगी गर्मी