आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर तबादला एक्सप्रेस चली है। जिसमें पुलिस विभाग में पांच वरिष्ठ आइपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इसके तहत लखनऊ जोन, पीएसी, भर्ती बोर्ड और सहारनपुर जैसे अहम पदों पर नए अधिकारियों की नियुक्ति की है। इनमें हाल ही में डीजी के पद पर प्रोन्नत लखनऊ जोन के एडीजी रहे एसबी शिरडकर को भी नई तैनाती मिली है।
महानिरीक्षक कार्मिक शलभ माथुर द्वारा रविवार को जारी तबादला आदेश के मुताबिक एस.बी. सिरडकर को पुलिस महानिदेशक, लखनऊ जोन के पद से हटाकर अब पुलिस प्रोन्नति एवं भर्ती बोर्ड, लखनऊ का पुलिस महानिदेशक बनाया गया है। वहीं सुजीत पांडेय, जो अब तक अपर पुलिस महानिदेशक, पीएसी मुख्यालय लखनऊ के पद पर थे, उन्हें अपर पुलिस महानिदेशक, लखनऊ जोन की जिम्मेदारी दी गई है।
यह भी पढ़ें- यूपी वन विभाग में 23 DFO का तबादला, जानें किसे कहां मिली नियुक्ती
साथ ही आर.के. स्वर्णकार, जो अब तक अपर पुलिस महानिदेशक, एपीटीसी सीतापुर में तैनात थे, अब उन्हें पीएसी मुख्यालय, लखनऊ में अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है। जबकि आशीष तिवारी को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर के पद पर नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह पुलिस अधीक्षक, सीआईडी लखनऊ में तैनात थे।
इसके अलावा अब तक सहारनपुर में एसएसपी पद पर कार्यरत रहे रोहित सिंह राजयान को मुख्यालय, पुलिस महानिदेशक कार्यालय, लखनऊ में सम्बद्ध किया गया है।

















