आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छा रहा है। रविवार को भी कड़ाके की सर्दी और कोहरे का प्रकोप के कारण कुछ शहरों में दृश्यता जीरो हो गई। प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में भीषण ठंड और कोहरे की घनी चादर की वजह से यातायात और जनजीवन प्रभावित हुआ, जबकि दोपहर में लखनऊ में निकली धूप ने ठंड से थोड़ी राहत दी। इस बीच माैसम विभाग का कहना है कि सोमवार से हवा का रुख पूर्वा होने से पारे में हल्की बढ़त के साथ कोहरे में थोड़ी कमी आएगी और माैसम थोड़ा सुधरेगा।
माैसम विभाग ने सोमवार के लिए प्रतापगढ़, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली और अमेठी जिलों के लिए घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही 39 जिलों में पारे में भारी गिरावट के साथ शीत दिवस की चेतावनी जारी की है। आंचलिक माैसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक ने बताया कि रविवार से यूपी में लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। इसके असर से आने वाले दो दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़त आएगी। साथ ही कोहरे के घनत्व में थोड़ी कमी आएगी।
यह भी पढ़ें- लखनऊ-वाराणसी समेत 20 जिलों में पड़ेगा अत्यधिक घना कोहरा, रेड अलर्ट जारी
जिन जिलों में मौसम विभाग ने अत्यधिक घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है उनमें प्रतापगढ़, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली और अमेठी शामिल हैं। इसके अलावा मिर्जापुर, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, अमेठी फरुखाबाद, कानपुर देहात, कानपुर नगर, रायबरेली, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, कासगंज, एटा, मैनपुरी, एटा, औरैया, जालौन, हमीरपुर व आस-पास इलाकों में इन जिलों में दिन के पारे में बड़ी गिरावट आएगी।




















