UP में पहले चरण के मतदान की तैयारियां पूरी, ADG ने जारी किया एक्शन प्लान

एक्शन प्लान
चुनाव में सुरक्षा व्‍यवस्‍था के बारे मेंं मीडिया को जानकारी देते एडीजी।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। पश्चिमी यूपी के दस जिलों की आठ लोकसभा सीटों पर 11 अप्रैल को मतदान होना है। मंगलवार को चुनाव से 48 घंटे पहले एडीजी आनंद कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस की। एडीजी ने आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद प्रदेशभर में हुई कार्रवाई का ब्‍योरा मीडिया के सामने रखा।

मीडिया को जानकारी देते हुए उन्‍होंने कहा कि सभी मतदाता निडर होकर मतदान करें। वहीं अतिसंवेदनशील लोकसभा सीट पर हमारी टीम सक्रिय रहकर चुनाव को प्रभावित करने वाले तत्वों पर नजर रखेगी। साथ ही चुनाव की तैयारियों के बारे में जानकारी देते हुए एडीजी ने कहा कि 157 कंपनी फोर्स उत्तर-प्रदेश को मिली है। 35 पीएसी कंपनी को व्यवस्था के लिए लगाया है।

यह भी पढ़ें- 11 अप्रैल से सात चरणों में होंगे लोकसभा चुनाव, 23 मई को आएंगे नतीजे, जानें कुछ अहम बातें

प्रथम चरण में 5329 एसआइ, 5110 हेड कांन्स्टेबल एवं 29670 सिपाही, 39088 होमगार्ड, 951 पीआरडी एवं 5408 चौकीदार भी लगाए गए हैं। इस प्रकार प्रथम चरण के सकुशल मतदान करने के लिए कुल 10,5000 पुलिस बल लगाया गया है। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 6717 मतदान केंद्र है, जिसमें 2835 केंद्र संवेदनशील हैं।

इसके अलावा आनंद कुमार ने बताया लोकसभा चुनाव में सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने के खिलाफ कार्रवाई हो रही है। अभी तक 174 कंप्लेंट आई थी, जिसमें सभी पर कार्रवाई की गई है। अभी तक 54 मामलों में एफआइआर दर्ज की गई है। सोशल मीडिया पर किसी तरह के कंप्लेन करने के लिए डीजीपी मुख्यालय ने 9792101616 नंबर जारी किया है। इस पर व्हाट्सएप करके शिकायत की जा सकती है।

यह भी पढ़ें- यूपी के 75 जिलों के मतदाताओं को जागरूक करने को मुख्‍य निर्वाचन अधिकारी ने रवाना की बसें

एडीजी ने बताया कि, आदर्श आचार संहिता लगने के बाद यूपी में 7506 अवैध शस्त्र, 10267 कारतूस, 6059.82 किलो ग्राम बारूद एवं 4132 बम जब्त किए गए हैं। 191 अवैध शस्त्र फैक्ट्रियों पर कार्रवाई की गई है। 1325813 व्यक्तियों को पाबंद किया गया है। 22508 अपराधियों को एनबीडब्ल्यू में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। प्रथम चरण 1929 नाके लगाए गए हैं।

इतना ही नहीं लोकसभा में धन बल को रोकने के लिए 27.55 करोड़ रुपए, 123 किलो सोना एवं 295 किलो ग्राम चांदी बरामद की गई। 13998 किलो मादक प्रदार्थ, 96.40 करोड़ कीमत के धातुएं व मादक बरामद हुए है। 2017 के विधानसभा निर्वाचन में कुल जब्त की गई धनराशि/धातु/नारकोटिक्स के मूल्य 47.6 करोड़ से लगभग 50 करोड़ दोगुनी रही है।

यह भी पढ़ें- #LokSabhaElections2019: यूपी में सातों चरण में होगा मतदान, देखें किस शहर में कब होगी वोटिंग