अब यूपी के जंगल में सारस-बारहसिंघा के लिए बनेगा स्‍पेशल पार्क, सीएम योगी ने की घोषणा

सारस बारहसिंघा पार्क
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश के घने जंगलों में राज्य पक्षी सारस और राज्य पशु बारहसिंघा के लिए विशेष पार्क विकसित किये जाने चाहिए। साथ ही वन विभाग प्रदेश के जंगलों को ईको टूरिज्म के रूप में डेवलप करने के लिए सकारात्मक भाव के साथ कार्य करे। वनों में मौजूद जलराशियों की साफ सफाई और उनकी मेड़ों पर व्यापक पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। वन विभाग ऐसे विभागों को चिह्नित करे, जिनसे पर्यावरण और वन संपदा को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचता है। इसके बाद उनकी सीएसआर निधि को पर्यावरण संरक्षण के लिए कैसे उपयोग कर सकते हैं, इसके लिए जल्द से जल्द एक व्यवस्था तैयार करें।

उक्त बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को वन विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर हीरो मोटर कॉर्प लि. की ओर से सीएसआर फंड से वन विभाग को प्रदान की गई मोटरसाइकिल और स्कूटी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जलोत्सव माह का भी शुभारंभ किया।

बताते चलें सीएम योगी ने सारस के लिए स्‍पेशल पार्क बनाने की घोषणा ऐसे समय की है जब अमेठी के आरिफ गुर्जर से उनका सारस छीनने पर वन विभाग व योगी सरकार की काफी आलोचना हो रही है। लोगों का कहना है सारस घायल था तब वन विभाग को नहीं दिखाई दिया अब वह साल भर से अरिफ के साथ आजादी से घूम रहा तो सारस को न सिर्फ कैद कर दिया गया, बल्कि उसकी जान बचाने वाले आरिफ पर भी मुकदमा लाद दिया गया, ऐसे में कौन पशु-पक्षियों की रक्षा के लिए कौन आगे आएगा, लोग इसे राजनीतिक खुन्‍नस निकालने वाली कार्रवाई भी करार दे रहें हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज इस अवसर पर जलोत्सव माह की घोषणा हो रही। यूपी में हजारों अमृत सरोवर बनाए गये, जहां व्यापक तौर पर वृक्षारोपण का कार्य हुआ। हम ये कार्य जंगल के जलाशयों को लेकर भी शुरू कर सकते हैं। उन्होंने आह्वान किया कि इस बार वन महोत्सव के दौरान जलाशयों के मेड़ पर व्यापक रूप से वृक्षारोपण का कार्यक्रम शुरू किया जाए। हमें गंगा और यमुना के आसपास नये वेटलैंड को बनाना होगा। जंगलों को ईको टूरिज्म के रूप में विकसित करना होगा। राज्य पशु बारहसिंघा और और राज्य पक्षी सारस के संरक्षण के लिए जंगलों के बीच में विशेष पार्क विकसित किये जाएं। हमें इन सभी कार्यों को सकारात्मक भाव से आगे बढ़ाना होगा।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने 26वीं अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने और पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों से संवाद किया। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के वन विभाग की टीम को 12 स्वर्ण, 18 रजत और 13 कांस्य पदक प्राप्त हुए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए उनका अभिनंदन किया। सीएम योगी ने इस अवसर पर वृक्षारोपण जन आंदोलन 2022 की कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वन विभाग के कर्मचारियों के ऊपर आज बड़ी जिम्मेदारी है। पूरी दुनिया आज इस बात के लिए चिंतित है कि पृथ्वी का क्या होगा, क्योकिं दुनियाभर में पर्यावरण परिवर्तन देखने को मिल रहा है। ऐसे दौर में पर्यावरण संरक्षण को लीड करना सबसे बड़ी आवश्यक्ता है। जलवायु परिवर्तन के दुष्परिणाम से ना केवल मनुष्य बल्कि पूरी जीव सृष्टि को बचाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

वहीं मुख्यमंत्री ने कहा कि वन्य संपदा को और वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए सीएसआर फंड से हीरो मोटरकॉप के द्वारा 250 मोटरसाइकिल और 35 स्कूटी प्रदान की गयी है। पहली बार देख रहा हूं कि सीएसआर के फंड का इतना बड़ा उपयोग वन विभाग कर रहा है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि पर्यावरण को जो लोग किसी भी स्तर पर नुकसान पहुंचा रहे हैं, उनकी सीएसआर की निधि का प्रयोग पर्यावरण, वन्य जीवों के संरक्षण के लिए प्रयोग कर सकें।

यह भी पढ़ें- आरिफ का दोस्त सारस छीनने से भड़के अखिलेश, बोले दाना खिलाने वाले से भी छीनो मोर

सीएम योगी ने बताया कि पिछले छह वर्ष में प्रदेश में 100 करोड़ से अधिक वृक्षारोपण हुआ है, जिससे यूपी का फॉरेस्ट कवरेज बढ़ा है। साथ ही साथ यूपी के वनों में वन्यजीवों की संख्या बढ़ी है। जो जंगल अनवरत काटे जा रहे थे उन्हें नियंत्रित किया गया है। अवैध खनन को प्रतिबंधित किया गया है। हर स्तर पर वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए पुख्ता कदम उठाए गये हैं। इसके अलावा अन्य कार्यक्रम भी हुए हैं, जिसमें टाइगर रिजर्व के लिए नई साइट बन रही हैं और वेटलैंड घोषित किये जा रहे हैं।

वन विभाग के द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से पर्यावरण वन मंत्री अरुण कुमार सक्सेना, राज्यमंत्री केपी मलिक, मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र, अपर मुख्य सचिव पर्यावरण वन मनोज सिंह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक ममता संजीव दुबे, हीरो मोटर कॉर्प के राजेश मुखेजा और वन विभाग के अधिकारीगण मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- 71वीं ऑल इंडिया पुलिस एथलेटिक्स का शुभारंभ कर CM योगी ने कहा, 500 खिलाड़ियों की होगी भर्ती