अयोध्‍या पहुंचे सतीश चंद्र मिश्र ने कहा, यूपी विधानसभा चुनाव में बसपा जनता से करेगी गठबंधन

यूपी विधानसभा चुनाव
अयोध्या पहुंचे सतीश चंद्र मिश्र साथ में अन्य ।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ/अयोध्‍या। यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बसपा ने अपनी रणनीति साफ कर दी है। इस बीच बसपा ने चुनावी शंखनाद राम नगरी अयोध्या से किया है। बसपा के मिशन 2022 की शुरुआत करने वाले पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र ने गठबंधन को लेकर बड़ा बयान दिया है। अयोध्या में हनुमान गढ़ी तथा रामलला जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद मिश्र ने कहा कि बसपा ने तो उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सबसे बड़ा गठबंधन कर लिया है।

बसपा के राष्ट्रीय महासचिव तथा राज्यसभा सदस्य सतीश चंद्र मिश्र ने कहा कि 2022 के उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी जनता से गठबंधन करेगी। सतीष चंद्र मिश्रा ने कहा भगवान राम तो सबके हैं। हम भी उनका आशीर्वाद लेने आए हैं। वहीं कानपुर के बिकरू कांड में विकास दुबे के भतीजे की पत्‍नी खुशी दुबे की जमानत के बारे में उन्होंने कहा कि हम तो बाराबंकी जेल में बंद खुशी दुबे की हर संभव मदद करेंगे। बसपा विकास दुबे के भतीजे अमर दुबे की नाबालिग विधवा को जमानत दिलवाने को कानूनी लड़ाई लड़ने का मन बना चुकी है।

यह भी पढ़ें- UP चुनाव से पहले छलका मायावती का ब्राह्मण प्रेम, बोलीं, BJP को वोट देकर पछता रहें, बसपा में है स्‍वागत

साथ ही मीडिया से बात करते हुए सतीश चंद्र मिश्र ने कहा कि यूपी में 13 फीसदी ब्राह्मण और 23 फीसदी दलित मिल गए तो यहां पर बसपा की सरकार बननी तय है। इसके साथ ही बसपा की मुखिया मायावती पांचवीं बार प्रदेश की मुख्यमंत्री बन जाएंगी। प्रदेश के करोड़ों लोगों ने इससे पहले भी बसपा के शासन काल में सर्वसमाज की प्रगति देखी है और प्रदेश में कानून-व्यवस्था को भी सराहा है।

इसके अलावा सतीश चंद्र ने कहा कि ब्राह्मण समाज जिधर घूम जाएगा उसकी सरकार बना देगा। यूपी का ब्राह्मण समाज बीते दस वर्ष से उपेक्षित है। बहुजन समाज पार्टी अब उसे सम्मान दिलाएगी। अयोध्या में हम अपने आराध्य भगवान राम के पास आए हैं। अब अगले दौर में हम वाराणसी में काशी विश्वनाथ का दर्शन करने के साथ ही प्रयागराज जाकर पुण्य धरती को नमन करेंगे। उन्‍होंने आगे कहा कि भगवान राम भाजपा को सद्बुद्धि दें जिससे कि वह दमन का रास्ता छोड़कर लोगों के साथ न्याय करे। साथ ही ये भी कहा कि पूरी दुनिया जानती है कि मायावती के मुख्यमंत्री के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था बेहद दुरुस्त रहती है।

यह भी पढ़ें- मायावती का अखिलेश पर हमला, सपा सरकार में ब्राह्मण व दलितों का चुन-चुनकर किया गया उत्पीड़न, अब बीजेपी सरकार…