PCS मुख्य परीक्षा की तारीख घोषित, लखनऊ व प्रयागराज में बना केंद्र

लोक सेवा आयोग

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पीसीएस मुख्य परीक्षा 2025 की तिथि घोषित कर दी है। नोटिफिकेशन के अनुसार, मुख्य परीक्षा का आयोजन 29 मार्च से एक अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। परीक्षा प्रयागराज और लखनऊ में बनाए केंद्रों पर होगी।

आयोग के सचिव अशोक कुमार ने बताया कि पीसीएस मुख्य परीक्षा प्रदेश के दो जनपदों प्रयागराज और लखनऊ में आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रतिदिन दो सत्रों में संपन्न होगी। पहला सत्र सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरा दोपहर 2.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक होगा। आयोग की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार, 29 मार्च को पहली पाली में सामान्य हिंदी और दूसरी पाली में निबंध का पेपर होगा।

वहीं, 30 मार्च को पहली पाली में सामान्य हिंदी-I और दूसरी पाली में सामान्य अध्ययन-II पेपर होगा, जबकि एक अप्रैल को पहली पाली में सामान्य अध्ययन V और दूसरी पाली में सामान्य अध्ययन-VI का पेपर होगा। यूपी लोक सेवा आयोग ने कहा है कि अपरिहार्य स्थिति में इस परीक्षा कार्यक्रम में परिवर्तन किया जा सकता है।

बता दें कि पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट एक दिसंबर को जारी किया गया था, जिसमें कुल 11,727 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित हुए थे। यूपी पीसीएस 2025 के माध्यम से एसडीएम समेत विभिन्न पदों पर भर्तियां होंगी। विभिन्न पदों पर कुल 920 है जिसमें 814 पीसीएस और 106 एसीएफ/आरएफओ के पद शामिल हैं।

यूपी पीसीएस की चयन प्रक्रिया

यूपी पीसीएस चयन प्रक्रिया तीन स्टेज की होती है। सबसे पहले प्रारंभिक परीक्षा, उसके बाद मुख्य परीक्षा और फिर इंटरव्यू। अभी मुख्य परीक्षा की डेट घोषित हुई है, तो हम आपको इस परीक्षा के सिलेबस और पैटर्न के बारे में बताएंगे।

यूपी पीसीएस मुख्य परीक्षा डिस्क्रिप्टिव होती है। इसमें कुल आठ पेपर होते हैं। प्रत्येक पेपर तीन घंटे का होता है। सामान्य हिंदी और निबंध के पेपर 150 अंकों के होते हैं। शेष सभी छह पेपर 200-200 अंकों के होते हैं। यूपी पीसीएस मुख्य परीक्षा कुल 1500 अंकों की होती है।

यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग का कैलेंडर जारी, जानें एग्जाम की डेट

जानें कब किस विषय की होगी परीक्षा

आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा का आयोजन इस तरह से होगा।

29 मार्च को प्रथम सत्र में सामान्य हिंदी और द्वितीय सत्र में निबंध की परीक्षा आयोजित की जाएगी।

30 मार्च को प्रथम सत्र में सामान्य अध्ययन प्रथम प्रश्नपत्र और द्वितीय सत्र में सामान्य अध्ययन द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा होगी।

31 मार्च को प्रथम सत्र में सामान्य अध्ययन तृतीय प्रश्नपत्र और द्वितीय सत्र में सामान्य अध्ययन चतुर्थ प्रश्नपत्र की परीक्षा प्रस्तावित है।

1 अप्रैल को प्रथम सत्र में सामान्य अध्ययन पंचम और द्वितीय सत्र में सामान्य अध्ययन षष्ठम प्रश्नपत्र की परीक्षा आयोजित की जाएगी।

यह भी पढ़ें यूपी बोर्ड ने बढ़ाई इंटरमीडिएट प्रैक्टिकल एग्जाम की डेट