उत्तर प्रदेश में SIR के बाद दो करोड़ से अधिक वोटर के नाम कटने की जांच करेगी कांग्रेस: सलमान खुर्शीद

सलमान खुर्शीद
सलमान खुर्शीद को संविधान का स्मृति चिन्ह देकर स्वागत करते कांग्रेस नेता।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस काफी गंभीर है। यूपी कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को लखनऊ में प्रदेश स्तरीय अधिवक्ता सम्मेलन और ज्योतिबा फुले की जयंती पर वैज्ञानिक जाति जनगणना दिवस का आयोजन किया। गांधी भवन में अधिवक्ता सम्मेलन के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची से 2.04 करोड़ लोगों के नाम हटाए जाए पर कहा कि यूपी में भी वही किया होगा जो और जगह किया है। साथ ही चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में एसआइआर के बाद दो करोड़ से अधिक वोटर के नाम कटने की जांच करेगी।

सलमान खुर्शीद ने कहा कि अन्य राज्यों में तो जल्दी चुनाव होने थे, तो वहां के बारे में अब तो कुछ किया या कहा नहीं जा सकता। इसमें थोड़ा अंतर यह है कि उत्तर प्रदेश में अभी चुनाव नहीं हैं तो हमें जांच करने का समय मिलेगा। अन्य राज्यों में तो समय नहीं मिला, वहां पर तो मतदान के दो-चार दिन पहले तक लिस्ट पर जांच हो रही थी। पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध पर पाकिस्तान में मध्यस्थता की बैठक को सलमान खुर्शीद ने भारत की विफलता बताया। साथ ही कहा कि अब तो केंद्र सरकार को अपनी हकीकत और ताकत का अहसास हो गया होगा।

यह भी पढ़ें- यूपी में SIR के बाद फाइनल वोटर लिस्ट जारी, 13.39 करोड़ पहुंची मतदाता संख्या, रिकॉर्ड 84 लाख नए वोटर जुड़े

इस दौरान कांग्रेस से राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने कार्यक्रम के बाद गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर कहा कि मैं अमित शाह से पूछना चाहता हूं कि वे (बंगाल के) पुत्र को ही क्यों मुख्यमंत्री बनाएंगे। पुत्री को क्यों नहीं बनाएंगे। भाजपा तो जन्मजात महिला विरोधी है। भाजपा वही करती है जो महिलाओं के खिलाफ है।”

लखनऊ में कांग्रेस ने महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर कैसरबाग के गांधी भवन में प्रदेश स्तरीय अधिवक्ता सम्मेलन आयोजित किया। इसमें कांग्रेस की लीगल टीम से जुड़े अधिवक्ता, सदस्य और कार्यकर्ता शामिल हुए।

यह भी पढ़ें- मंच से राहुल गांधी की हिमंता बिस्वा को खुली चेतावनी, माफी नहीं, जेल भेजकर ही लिया जाएगा दम