विकास दुबे का सहयोगी व 50 हजार का इनामी शशिकांत गिरफ्तार, पुलिस से लूटी गई AK-47 बरामद

पुलिस मुठभेड़
लूटी गई एके-47 की बरामदगी के बाद मीडिया को जानकारी देते एडीजी लॉ एंड ऑर्डर साथ में अन्य।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर पुलिस ने बिकरू पुलिस मुठभेड़ के आरोपी और गैंगस्टर विकास दुबे के सहयोगी 50 हजार रुपए के इनामी शशिकांत को सोमवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। विकास दुबे के घर से सर्च के दौरान एके47, राइफल,17 कारतूस बरामद हुए हैं। शशिकांत के घर से भी लूटी गई इंसास राइफल और 20 कारतूस बरामद किए गए हैं।

एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने मंगलवार को कानपुर में प्रेसवार्ता मे मीडिया को बताया कि पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार के इनामी अभियुक्त शशिकांत उर्फ सोनू को सोमवार देर रात्रि दो बज कर पचास मिनट पर चौबेपुर से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि शशिकांत ने पूछताछ में जानकारी दी कि लूटा गया असलहा उसके और विकास दुबे के मकान में छिपा है।

शशिकांत की निशान देही पर पुलिस को विकास दुबे के घर से एके 47 रायफल और 17 कारतूस और शशिकांत के घर से इंसास रायफल और 20 कारतूस बरामद हुए हैं। ये हथियार मुठभेड़ के दौरान पुलिस से लूटे गये थे। साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि बिकरू पुलिस मुठभेड़ में 21 नामजद अभियुक्तों में से चार अभियुक्त गिरफ्तार किये गये हैं, छह अभियुक्त अलग-अलग पुलिस मुठभेड़ों में मारे गये हैं। अभी 11 नामजद अभियुक्त की तलाश की जा रही है।

यह भी पढ़ें- STF का दावा एनकाउंटर से पहले गाय-भैैैस आने से पलटी विकास दुबे वाली गाड़ी, फायरिंग व एक्सिडेंट में सात पुलिसकर्मी भी घायल

बता दें कि विकास दुबे दस जुलाई को पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। यूपी एसटीएफ की टीम विकास को उज्जैन से लेकर कानपुर आ रही थी तभी बीच में विकास की गाड़ी पलट गई। इसके बाद विकास ने सुरक्षाकर्मियों की पिस्टल छीनकर उनपर फायरिंग करते हुए भागने लगा। सुरक्षाकर्मियों ने भी अपने बचाव में गोलियां चलाईं जिसमें विकास गंभीर रूप से घायल हो गया। सुरक्षाकर्मी उसे लेकर अस्पताल पहुंचे जहां डाक्टरों ने विकास को मृत घोषित कर दिया।

इससे पहसे विकास दुबे का राइट हैंड कहे जाने वाले अमर दुबे को आठ जुलाई को यूपी के हमीरपुर में यूपी एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में मारा गया। अगले ही दिन नौ जुलाई को विकास दुबे के दो और करीबी साथी प्रभात मिश्रा व प्रवीण उर्फ बउवा दुबे गुरुवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में मारे गए।

यह भी पढ़ें- इस IPS अफसर ने पहले ही बता दिया था, कैसे मारा जाएगा विकास दुबे, Tweet हो रहा वायरल