स्‍पेशल प्‍लेन से लखनऊ पहुंचा सुब्रत रॉय का पार्थिव शरीर, सहारा शहर में अंतिम दर्शन को लगी लाइन

सुब्रत रॉय सहारा शहर
सुब्रत रॉय के अंतिम दर्शन को सहारा शहर के बाहर उमड़ी भीड़।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। सहारा श्री सुब्रत रॉय ने मंगलवार रात मुंबई के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। लंबे समय से सुब्रत रॉय का इलाज चल रहा था। सहारा श्री की मौत की वजह कार्डियोरेस्पिरेट्री अरेस्ट बताया गया है। उनका पार्थिव शरीर बुधवार शाम विशेष विमान से लखनऊ लाया गया। एयरपोर्ट पर सुब्रत रॉय के परिजन पहले से ही मौजूद थे।

आज एयरपोर्ट पर उनके रिश्‍तेदार जेबी रॉय, बहन चांदनी रॉय और कुमकुम रॉय दोपहर में ही पहुंच गयी थी। इसके साथ सहारा श्री की पत्नी स्वप्ना रॉय भी परिजनों के साथ मौजूद रहीं। वहीं सहारा शहर में सुब्रत रॉय के पार्थिक शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। जहां भारी संख्या में अंतिम दर्शन को लोग उमड़ पड़े हैं, हजारों की संख्‍या में लोगों ने दर्शन के लिए लाइन लगाई है।।

इस दौरान सहारा ग्रुप की ओर से जारी प्रेस नोट में सुब्रत रॉय के निधन की वजह कार्डियोरेस्पिरेटरी अरेस्ट बताया गया है। इसके अलावा सहारा श्री को हाइपरटेंशन और बीपी की भी समस्या थी। सहारा ग्रुप से जुड़े गुलाम जीशान ने बताया कि सुब्रत रॉय के पार्थिव शरीर को गुरूवार सुबह तक लोगों के दर्शन के लिए रखा जाएगा।

यह भी पढ़ें- सुब्रत रॉय के निधन पर राजनीतिक, खेल व सिनेजगत की हस्‍तियों ने व्यक्त किया शोक

उम्मीद जताई जा रही है कि सहारा ग्रुप से जुड़े देशभर के कर्मचारी बड़ी संख्या में सहारा शहर पहुंच सकते हैं। सहारा श्री का अंतिम संस्कार गुरुवार को गोमती नगर स्थित बैकुंठ धाम में किया जाएगा। अंतिम संस्कार में भी प्रदेश समेत देशभर की हस्तियों के आने की उम्‍मीद है।

यह भी पढ़ें- बसपा विधायक सरवत करीम का निधन, मायावती ने जताया शोक