आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक सड़क दुर्घटना हुई है। जिसमें वैगनआर कार ईंट से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से टकरा गयी। हादसे में कार सवार महिला और पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रॉली भी पलट गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आस-पास के लोग मदद के लिए दौड़े और हादसे की सूचना पुलिस को दी।
जानकारी के मुताबिक हादसे में घायल लोगों की पहचान सरोजनीनगर के रहने वाले विकास और संगीता के रूप में हुई है। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि जिस समय ये दुर्घटना हुई उस समय पूर्व जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह निगोहां क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। हादसा देख उन्होंने अपना काफिला रोक दिया। अपनी सुरक्षा में लगे एस्कॉर्ट वाहन से दोनों घायलों को मोहनलालगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद विकास और संगीता की हालत गंभीर देखते हुए दोनों को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
यह भी पढ़ें- यूपी: डंपर की टक्कर से पलटा ट्रैक्टर, युवक व किशोर की दबकर मौत
इस दौरान पूर्व मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह घायलों के रेफर होने तक अस्पताल में मौजूद रहे। साथ ही पीजीआई ट्रॉमा सेंटर प्रशासन से बात कर दोनों के तत्काल और बेहतर इलाज के निर्देश दिए। वहीं इस घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाया। साथ ही पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




















