आरयू ब्यूरो, लखनऊ/मथुरा। यूपी में आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार कंटेनर ने बस से उतर रहे यात्रियों को रौंद दिया। इस हादसे में छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों इलाज के लिए अस्पताल भेजने के साथ ही मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मिली जानकारी के मुताबिक हादसे का शिकार हुई बस नोएडा से आगरा की ओर जा रही थी। बस में सवार कुछ यात्रियों को बीच रास्ते में उतरना था। चालक ने बस को एक्सप्रेस-वे के निर्धारित ग्रीन जोन में रोकने के बजाय सड़क किनारे ही खड़ा कर दिया। इसके बाद कई यात्री बस से उतरकर नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक कंटेनर ने सड़क किनारे खड़े यात्रियों को रौंद दिया। कंटेनर की चपेट में आने से यात्रियों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। हादसा इतना भीषण था कि छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि ये हादसा मथुरा के सुरीर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे के माइल स्टोन-88 के पास भोर में करीब पौने तीन बजे हुआ। हादसे में जान गंवाने वालों में औरैया के सरवा कटरा निवासी सोनू, बस्ती के अलेवल निवासी देवेश, कन्नौज के गणेश का पुरवा निवासी अस्लम और दिल्ली के प्रेम नगर निवासी संतोष शामिल हैं। दो अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। इस हादसे में औरैया के बेला निवासी अमर दुबे गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़ें- तेज रफ्तार कंटेनर ने आगरा में श्रद्धलुओं से भरा दो ऑटो कुचला, महिला व मासूमों समेत पांच की दर्दनाक मौत, कई घायल, शराबी ड्राइवर को भीड़ ने पीटा
हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया था। सूचना पर पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस संबंध में सुरीर थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य पूरा होने के बाद यातायात को सामान्य कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना किन कारणों से हुई।




















