पहली कैबिनेट बैठक में योगी सरकार ने किए किसानों के 36 हजार करोड़ के कर्ज माफ

होली की बधाई

आरयू ब्‍यूरो

लखनऊ। प्रदेश के मुख्‍यमंत्री आदित्‍यनाथ योगी ने आज अपनी पहली कैबिनेट बैठक में किसानों की कर्ज माफी समेत कई बड़े फैसले लेकर एक बार फिर साबित कर दिया कि प्रदेश की जनता को भविष्‍य में और सुखद दिनों का अहसास होने वाला है।

मुख्‍यमंत्री शपथ लेने के सत्रहवें दिन कैबिनेट की बैठक करने वाले योगी ने प्रदेश के 86 लाख किसानों का एक लाख तक का कर्ज माफ कर दिया है। कैबिनेट की बैठक के इस फैसले से किसानों का 36359 करोड़ का कर्ज उतर जाएगा।

यह भी पढ़ें- एक्‍शन में चल रहे योगी ने जनहित में लिए कई बड़े फैसले, जानकर हो जाएंगे खुश

सीएम आदित्यनाथ योगी, उप मुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व दिनेश शर्मा समेत तमाम मंत्री की मौजूदगी में लोकभवन में करीब डेढ़ घंटे चली कैबिनेट की बैठक के बाद सिद्धार्थ नाथ सिंह ने पत्रकारों को कैबिनेट के फैसले की विस्‍तार से जानकारी देते हुए बताया कि यह फैसला लघु सीमांत किसानों के लिए है। 2 करोड़ 30 लाख किसान है इनमें 2 करोड़ 15 लाख लघु और सीमांत किसान हैं।

उन्‍होंने कहा कि देश में 7 हजार गेंहूं खरीद केंद्र बनेंगे। सरकार ने 80 लाख टन खरीद का लक्ष्य रखा है। किसी जिले में अगर किसानों को लगे की और केंद्र होने चाहिए तो वहां और केंद्र बनाये जाएंगे। प्रत्येक टन पर ढुलाई का खर्च भी दिया जाएगा जो समर्थन मूल्य से अलग होगा।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में बोले योगी सबका विकास होगा तुष्‍टीकरण नहीं

सभी केंद्रो पर पानी, छाया की व्यवस्था होगी और सीधा उससे खरीद होगी। इसके लिए उन्हें आधार कार्ड लाना होगा और उसका पैसा सीधे खाते में जमा होगा। ताकि बिचौलियों को हटाया जा सके।

कपल को नहीं किया जाएगा परेशान  

कहा कि महिलाओं और छात्राओं को छेड़छाड़ से बचाने के लिए एंटी रोमियो दस्ता अच्छा काम कर रहा है। यह दस्ता बड़े अधिकारियों की देखरेख में चल रहा है। यह अभियान और तेजी से आगे बढ़े। विरोधियों पर निशाना साधते हुए उन्‍होंने कहा कि इसे राजनीतिक रूप से बदनाम करने की कोशिश हो रही है। हमारी कोशिश है कि किसी जोड़े को परेशान ना किया जाए। शिकायत मिलने पर अधिकारियों पर भी कार्रवाई होगी।

बंद हुए 26 अवैध स्‍लॉटर हाउस, वैध को नहीं होगी परेशानी

कैबिनेट की बैठक में पशु वधशाला पर एक प्रस्ताव रखा गया। इस पर 26 अवैध वधशाला को बंद किया गया है। जो कानूनी रूप से काम कर रहे हैं उन्हें बंद नहीं किया गया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के हिसाब से सरकार इस पर फैसला करेगी। कुछ लोगों ने लाइसेंस के लिए अप्लाई किया है। उस पर हम आगे फैसला लेंगे।

आलू पैदा करने पर किसानों को नहीं होगा नुकसान

आलू की पैदावार के लिए किसानों को राहत देने की कोशिश होगी। कई बार किसान अपनी लागत भी नहीं वसूल पाते। इसके लिए कमेटी का गठन किया गया है।

नौजवानों को नौकरी के लिए नहीं जाना पड़े बाहर

राज्य सरकार इस पर ध्यान दे रही है कि कैसे निवेशकों को अपने राज्य में आकर्षित किया जाए। यहां के नौजवानों को बाहर ना जाना पड़े इसके लिए रोजगार बढ़ाने और उद्योग लगाने पर जोर देगी। इसके लिए एक मंत्रिमंडल का गठन किया गया है, जो दूसरे राज्यों में जाकर अच्छी उद्योगा नीति को समझेगा ताकि यहां भी उससे बेहतर तरीके से लागू किया जा सके।

अवैध खनन पर लगेगी रोक

अवैध खनिज पर भी एक कमेटी का निर्माण हुआ है। डिप्‍टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या के साथ कुछ लोग हैं जो इस पर एक सप्ताह में रिपोर्ट सौपेंगे।

गाजीपुर में बनेगा स्पोर्ट्स कॉम्पलेंक्स

गाजीपुर में एक स्पोट्स कॉम्पलेक्स बनाने का फैसला लिया गया है। जिस पर जल्‍द ही काम शुरू होगा। इसके साथ ही योगी सराकर ने आज कई महत्‍वपूर्ण फैसले कैबिनेट की बैठक में लिए है।

यह भी पढ़ें- पहली मीटिंग में अब अफसरों से योगी ने कहा, 15 दिन में दें संपत्ति का ब्‍यौरा

यह पहली कैबिनेट की बैठक थी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले ही इस पर कहा था कि यूपी सरकार की पहली कैबिनेट की बैठक में किसानों का कर्ज माफ होगा। पीएम ने चुनावी रैली में इसे लेकर पहले ही घोषणा कर दी थी।

माना जा रहा था कि कैबिनेट की बैठक कई बार इसलिए भी टाली गयी क्योंकि किसानों की कर्जमाफी को लेकर कोई रोडमैप तैयार नहीं था। अब 16 दिनों के बाद इस फैसले से पीएम के चुनावी वादे को निभाने की कोशिश की गयी है।

गौरतलब है कि आदित्यनाथ योगी ने कैबिनेट की बैठक से पहले ही एंटी रोमियो स्क्वॉड, अवैध बूचड़खानों, भ्रष्‍टाचार समेत कई मामलों में अहम फैसला लेकर पहले से ही सुर्खियों में छाये हुए है।