आरयू वेब टीम। केरल चुनावों में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ की शानदार जीत के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सोमवार को राज्य की जनता को उनके जबरदस्त समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही जनता के लिए बेहतर भविष्य के निर्माण की दिशा में अथक प्रयास करने का संकल्प लिया। इस दौरान कांग्रेस नेता ने कहा कि हम आप सभी के लिए एक बेहतर भविष्य बनाने की दिशा में कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
प्रियंका गांधी एक्स पर पोस्टकर कहा कि केरल में मेरे सभी भाइयों और बहनों, आपके विश्वास और अपार समर्थन के लिए धन्यवाद। आपने हम पर जो भरोसा जताया है, वह यूडीएफ के लिए मार्गदर्शक शक्ति होगा, क्योंकि हम आप सभी के लिए एक बेहतर भविष्य बनाने की दिशा में कड़ी मेहनत कर रहे हैं। आगे कहा कि मुझे पूरी उम्मीद है कि अगले पांच सालों के प्रत्येक दिन, ईमानदारी और विनम्रता के साथ आपके प्रति अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के हमारे प्रयास में, आपके प्रति हमारी कृतज्ञता स्पष्ट रूप से दिखाई देगी।
वायनाड की सांसद ने कहा कि वायनाड में मेरे परिवार को, आपने भारी बहुमत से यूडीएफ पर अपना भरोसा फिर से कायम किया है। सात में से सात सीटें! अब आपके पास वायनाड के विकास के लिए मिलकर काम करने वाले आठ प्रतिनिधि हैं! हम आपकी उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
यह भी पढ़ें- प्रियंका का केंद्र सरकार पर हमला, महिला आरक्षण का इस्तेमाल कर स्थायी रूप से सत्ता में रहने की थी साजिश
कांग्रेस नेता ने अपने पोस्ट में लिखा कि यूडीएफ के उन कार्यकर्ताओं और नेताओं को, जिन्होंने एकजुट और प्रगतिशील केरल का हमारा संदेश हर घर तक पहुंचाने के लिए दिन-रात मेहनत की, मेरी हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और आपके अथक प्रयासों के लिए आभार। चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार, यूडीएफ 95 से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में आगे चल रहा था या जीत चुका था और 140 सदस्यीय विधानसभा में आराम से बहुमत हासिल करने की स्थिति में दिख रहा है। राज्य में एक दशक से अधिक समय से चल रहे एलडीएफ शासन के बाद यूडीएफ सरकार बनाने जा रहा है।

















