UP में कार ने मचाया तांडव, घायलों की मदद कर रहे आठ लोगों की कुचल कर ली जान

कार का तांडव
हादसे के बाद अस्पताल में रोते परिजन।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में सोमवार को दिल दहला देने वाला हादसा हो गया है। जलालपुर-अकबरपुर मार्ग पर हादसे के बाद घायल बाइक सवारों की मदद को इकट्ठा हुए  ग्रामीणों को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। कार के इस तांडव में कुल आठ लोगों की मौत गई है, जिससे पूरे इलाके में मातम पसरा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

मिली जानकारी के मुताबिक जलालपुर में अकबरपुर मार्ग पर स्थित अशरफपुर भुआ भट्ठे के पास पहले दो मोटरसाइकिलों की आपस में भिड़ंत हुई थी। इस भिड़ंत में दो लोग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आस-पास के लोग तुरंत घायलों को अस्पताल भेजने और उनकी मदद करने के लिए सड़क पर इकट्ठा हुए। इसी मानवीय मदद के दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने होकर भीड़ को रौंद दिया। इस हादसे में घायल आठ लोगों की मौत हो गई है।

हादसे के बाद पुलिस ने घायलों को सीएचसी नगपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं दो अन्य गंभीर घायलों को पहले जिला अस्पताल और फिर टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, हालांकि इलाज के दौरान इन दोनों ने भी दम तोड़ दिया। जहां पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

यह भी पढ़ें- मध्य-प्रदेश में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार डंपर ने बाइक-पिकअप को मारी टक्कर, पांच की मौत, 17 घायल

मृतकों की पहचान कैफी (32), उत्तम कुमार (24), आदित्य कुमार (25), लालचंद (24), राजू गुप्ता (32) और छोटू के रूप में हुई है, जबकि दो अन्य की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और वाहन चालक की तलाश जारी कर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- उधमपुर में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी ओवरस्‍पीड प्राइवेट बस, 22 यात्रियों की दर्दनाक मौत, 40 घायल