भारी तैनाती बोले अखिलेश, रामपुर के ‘ट्रायल’ को भाजपा-चुनाव आयोग ने बंगाल में किया हू-ब-हू लागू

अखिलेश
प्रेसवार्ता में बोलते अखिलेश यादव।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल विधानसभा मतदान के बीच हुई घटना का जिक्रकर गंभीर आरोप लगाए हैं। सपा मुखिया ने रविवार को कहा कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और निर्वाचन आयोग ने मिलकर साढ़े तीन साल पहले उत्तर प्रदेश के रामपुर उपचुनाव में जो ‘ट्रायल’ किया था, उसे हू-ब-हू बंगाल में लागू कर दिया।

सपा मुख्यालय में आज एक प्रेसवार्ता के दौरान अखिलेश ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में केंद्रीय बलों के दखल के बारे में पूछे गए एक सवाल पर कहा कि उत्तर प्रदेश में जब 2022 में रामपुर लोकसभा और विधानसभा का उपचुनाव हुआ था, तब सबने देखा कि किस तरीके से वहां चुनाव अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की नियुक्ति की गई थी।

यह भी पढ़ें- रामपुर में मतदान के बीच सपा का पुलिस व प्रशासन पर गंभीर आरोप, चुनाव आयोग से की शिकायत

इस दौरान अखिलेश यादव ने आरोप लगाते हुए कहा, “शायद भाजपा ने आयोग के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश में एक ‘ट्रायल’ किया था और उसे हू-ब-हू बंगाल में उतार दिया। मुझे जानकारी मिली है कि उन्होंने केंद्रीय बलों और अर्धसैनिक बलों का एक समानांतर ढांचा बना दिया था। इसके अलावा पुलिस व्यवस्था के समानांतर भी एक व्यवस्था बना दी गई थी।”

स्मार्ट मीटर में बेईमानी तो ईवीएम में क्यों नहीं…

साथ ही सपा सुप्रीमो ने पश्चिम बंगाल में एक बार फिर ममता बनर्जी की अगुवाई में सरकार बनने का विश्वास जताते हुए कहा, “दीदी थी, दीदी रहेंगी। वह लड़ेंगी भी और जीतेंगी भी।” उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में गड़बड़ी की आशंका जताते हुए एक बार फिर कहा कि अगर स्मार्ट मीटर में बेईमानी हो सकती है तो ईवीएम में क्यों नहीं हो सकती?

आपके अंदर बैठाना चाहते डर

वहीं अखिलेश यादव ने शनिवार को मोबाइल फोन पर आए अलर्ट का जिक्र करते हुए कहा, “देखिए टेक्नोलॉजी कितनी स्मार्ट हो गई है। आपका मोबाइल फोन स्विच ऑफ है, उसके बाद भी मोबाइल पर अलर्ट आएगा। यह सोचो किस बात की तैयारी है? यह आपके अंदर डर बैठाना चाहते हैं। भाजपा लोगों में डर पैदा करके चुनाव लड़ती है।”

डीजे बजवाकर झगड़ा करवाने की तैयारी

वहीं सपा सुप्रीमो ने सपा विधायक प्रभु नारायण की आशंका का जिक्र करते हुए कहा कि वह प्रदेश की जनता को सावधान करना चाहते हैं कि भाजपा के कुछ लोग कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर झगड़ा कराएंगे। उन्होंने कहा कि विधायक प्रभु नारायण का कहना है कि चुनाव के दौरान भाजपा के लोग गांव-गांव में खूब डीजे बजवाएंगे जिससे नफरत फैले और झगड़ा हो। सपा प्रमुख ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के लोग बड़े पैमाने पर जगह-जगह डीजे बजवाकर झगड़ा करवाने की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन सपा ने जनता को पहले ही सावधान कर दिया है।

यह भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल मतदान के बीच कई जगाहों पर EVM में हुई गड़बड़ी, भड़के मतदाता, सुरक्षाबलों ने किया लाठीचार्ज