आरयू वेब टीम। हरियाणा सरकार एक बार फिर हत्या और बलात्कार के दोषी डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम पर मेहरबान हो गई है। रेप और हत्या के मामलों में रोहतक की सुनारिया जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा राम रहीम को हरियाणा सरकार ने एक बार फिर से 21 दिन की फरलो दी है। अब वो पुलिस सुरक्षा के बीच जेल से निकल कर सिरसा अपने डेरा को ओर वापस चला गया है। राम रहीम इस बार फरलो में सिरसा डेरा में ही रहेगा।
सिरसा डेरा सच्चा सौदा का प्रमुख राम रहीम 13वीं बार फरलो पर आया है। राम रहीम को जेल से लेने के लिए हनीप्रीत और डेरा की गाड़ियों का काफिला पहुंचा। दिल्ली चुनाव से पहले भी राम रहीम 30 दिन की फरोल पर बाहर आया था।
फरवरी में सुप्रीम कोर्ट ने डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह की अस्थायी रिहाई के खिलाफ शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) की याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया था। 2017 में राम रहीम को अपने दो शिष्यों के साथ रेप करने के लिए 20 साल की कैद की सजा सुनाई गई थी।
इस दौरान पहली बार वह सिरसा में अपने डेरे में दस दिनों तक रुका था। बाद में वह उत्तर प्रदेश के बागपत में रहा था। राम रहीम को इससे पहले 20 दिन की पैरोल दी गई थी। यह पैरोल पिछले साल पांच अक्टूबर को हरियाणा में मतदान से चार दिन पहले दी गई थी। पिछली बार उसने अपने पिता मगहर सिंह की पुण्यतिथि पांच अक्टूबर का हवाला देते हुए पैरोल मांगी थी, जिसे परमार्थी दिवस के रूप में मनाया जाता है। पिछले साल अक्टूबर से पहले हरियाणा सरकार ने राम रहीम को अगस्त में 21 दिन की फरलो दी थी, जो दो सितंबर को समाप्त हो गई थी।