पत्रकार की हत्या व साध्वियों से बलात्‍कार करने का दोषी राम रहीम फिर आया जेल से बाहर, यूपी होगा ठिकाना, चार साल में नौवीं बार मिली पैरोल

हत्‍यारा बलात्‍कारी
राम रहीम। (फाइल फोटो)

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। हरियाणा के रोहतक जिले की सुनारिया जेल में सजा काट रहे साध्वियों से बलात्कार और पत्रकार व प्रबंधक की हत्या करने का दोषी डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम पर एक बार फिर भाजपा सरकार मेहरबान हो गई है। राम रहीम को चार साल में नौवीं बार शुक्रवार को 50 दिन की पैरोल दी गई है। हत्‍यारे-बलात्‍कारी के जेल से बाहर आने की बात सामने आते ही सरकार की मंशा को लेकर भी फिर से सवाल उठने लगें हैं।

पैरोल के बाद वह उत्तर प्रदेश के बागपत में अपने संप्रदाय के डेरा में रहेगा। जेल से उसकी आखिरी रिहाई नवंबर 2023 में 21 दिनों के लिए हुई थी। पिछले साल उसे तीन बार पैरोल दी गई थी। अब तक उसे 184 दिनों की पैरोल और फर्लो दी गई है। बलात्कार और हत्या के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद वह अगस्त 2017 से सुनारिया जेल में बंद है। हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में उसके बड़ी संख्या में अनुयायी हैं।

यह भी पढ़ें- रणजीत सिंह हत्याकांड: राम रहीम समेत पांचों दोषियों को उम्रकैद की सजा, 31 लाख रुपये का जुर्माना भी लगा

जेल मैनुअल के मुताबिक, एक दोषी एक साल में 70 दिन की पैरोल का हकदार है। राम रहीम को दो साध्वियों से बलात्कार के आरोप में अगस्त 2017 में 20 साल जेल की सजा सुनाई गई थी। जनवरी 2019 में पंचकुला की एक विशेष सीबीआई अदालत ने 16 साल पहले पत्रकार राम चंदर छत्रपति की हत्या करने के लिए राम रहीम और तीन अन्य को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।

यह भी पढ़ें- पत्रकार की हत्या व साध्वियों से रेप के दोषी राम रहीम सिंह पर भाजपा सरकार फिर मेहरबान, मिली 21 दिन की पैरोल
कब-कब आया बाहर

राम रहीम डेरा के पूर्व प्रबंधक रणजीत सिंह और पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में पंचकूला की एक विशेष सीबीआई अदालत ने अगस्त 2017 में राम रहीम को दोषी करार दिया था, जिसके बाद से ही वह उम्रकैद की सजा काट रहा है। राम रहीम को पहली बार एक दिन की रिहाई साल 2020 में मिली थी। उसके बाद अब वह नौवीं बार जेल से बाहर आ रहा है।

पहली बार: अक्टूबर 2020 में एक दिन के लिए पैरोल मिली थी।

दूसरी बार: मई 2021 में फिर एक दिन की पैरोल पर बाहर आया था।

तीसरी बार: फरवरी 2022 में 21 दिन जेल से बाहर रहा था।

चौथी बार: जून 2022 में 30 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया था।

पांचवी बार: अक्टूबर 2022 में 40 दिन की पैरोल पर वह बाहर आया था।

छठी बार: जनवरी 2023 में 40 दिन की पैरोल पर बाहर निकला था।

सातवीं बार: जुलाई 2023 में फिर 30 दिन की पैरोल मिली थी।

आठवीं बार: नवंबर 2023 में 21 दिन की फरलो पर बाहर रहा था।

यह भी पढ़ें- हत्‍या व साध्वियों से बलात्‍कार के दोषी राम रहीम सिंह को हाई कोर्ट से बड़ी राहत, एक मामले में दर्ज FIR रद्द