हत्यारे-बलात्कारी राम रहीम पर फिर मेहरबान हुई हरियाणा सरकार, दी 30 दिन की पैरोल

राम रहीम

आरयू वेब टीम। बलात्कार और हत्या के दोषी गुरमीत राम रहीम पर एक बार फिर हरियाणा सरकार मेहरबान होकर  30 दिन की पैरोल दी है। इसके बाद मंगलवार को गुरमीत रोहतक की सुनारिया जेल से बाहर निकल कर पुलिस के एक बहुत बड़े काफिले के साथ अपने आश्रम रवाना हुआ। 2017 में सजा मिलने के बाद से राम रहीम अब 16वीं बार जेल से रिहा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, गुरमीत राम रहीम आज सुबह करीब छह बजकर 34 मिनट पर जेल से बाहर आया। जहां जेल से बाहर आते ही उसे पंजाब और हरियाणा पुलिस ने भारी सुरक्षा घेरे में ले लिया। राम रहीम पुलिस के एक बहुत बड़े काफिले के साथ सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा आश्रण के लिए रवाना हुआ। पैरोल की अवधि के दौरान वह यहीं रहेगा। ये 16वीं बार है जब गुरमीत राम रहीम पैरोल या फरलो पर जेल से बाहर आया है। इसी साल जनवरी महीने में उसे 40 दिन की पैरोल मिली थी।

दरअसल राम रहीम को ज्यादातर पैरोल और फरलो हरियाणा, पंजाब, दिल्ली या राजस्थान में चुनावों के समय मिलीं हैं। इन राज्यों, खासकर हरियाणा के कई निर्वाचन क्षेत्रों में डेरा के अनुयायियों की अच्छी खासी संख्या बताई जाती है। वहीं उसके बार-बार जेल से बाहर आने को लेकर विपक्षी दलों ने सरकार पर राजनीतिक फायदे के लिए पैरोल देने का आरोप लगाया है, हालांकि तमाम आरोपों और आलोचनाओं के बावजूद राम रहीम पर सरकार की कृपा जारी है।

यह भी पढ़ें- फिर जेल से निकल आया साध्वियों से बलात्कार व पत्रकार की हत्या का दोषी राम रहीम सिंह, 40 दिन की मिली पैरोल

बता दें कि राम रहीम को 2017 में उसके ही आश्रम की दो महिला अनुयायियों के साथ रेप मामले में 20 साल की सजा सुनाई गई थी। इसके बाद 2019 में पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में उसे दोषी ठहराया गया। इसके अलावा 2002 में उसे अपने ही मैनेजर की हत्या के मामले में भी दोषी ठहराया गया और उम्रकैद की सजा सुनाई गई।

यह भी पढ़ें- पत्रकार की हत्या व साध्वियों से बलात्‍कार करने का दोषी राम रहीम फिर आया जेल से बाहर, यूपी होगा ठिकाना, चार साल में नौवीं बार मिली पैरोल