आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से जारी गर्मी बीच राहत की खबर है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 15 मार्च से सक्रिय होने वाले एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में इस सीजन की पहली बारिश होगी।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के तराई इलाकों और पूर्वांचल के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने से पिछले कई दिनों से सामान्य से ऊपर चल रहे तापमान में गिरावट आएगी, जिससे लोगों को अत्यधिक गर्मी से निजात मिलेगी।
जिन इलाकों में बारिश होगी उनमें तराई के इलाके, जैसे लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और पीलीभीत शामिल हैं, जबकि पूर्वांचल के कुछ भाग: गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, मऊ, बलिया, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, चंदौली, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संत कबीर नगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया और आसपास के क्षेत्र शामिल हो सकते हैं।
वहीं बारिश शुरू होने से पहले, यानी अगले चार से पांच दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। इस दौरान गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा और तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा जाएगा। कोहरे और धुंध की स्थिति भी बनी रह सकती है। फिर 15 मार्च से शुरू होने वाला बारिश का सिलसिला पूरे प्रदेश के मौसम को बदल देगा।
यह भी पढ़ें- यूपी के इन शहरों में होगी बारिश, बढ़ेगी ठंड, मौसम विभाग ने घने कोहरे की भी जारी की चेतावनी
विशेषज्ञों कि माने तो फिलहाल प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं है। इसके अलावा, मध्य भारत के ऊपर बने ‘प्रतिचक्रवात’ और झारखंड के पास बने ‘चक्रवाती परिसंचरण’ के कारण वायुमंडल में स्थिरता बनी हुई है। इसी वजह से प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी ज्यादा बना हुआ है। हवा में नमी होने के कारण सुबह के समय कोहरा और दिन में धुंध की स्थिति बन रही है।



















