चंपाई सोरेन की जगह रामदास बनें मंत्री, राज्यपाल ने दिलाई शपथ

रामदास सोरेन
शपथ लेते रामदास सोरेन।

आरयू वेब टीम। झारखंड में मची राजनीतिक उठापटक के बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा के कद्दावर नेता और घाटशिला के विधायक रामदास सोरेन ने झारखंड के मंत्री के रूप में शुक्रवार को शपथ ली। राज्यपाल संतोष गंगवार ने उन्हें पद एवं गपोनीयता की शपथ दिलायी। रामदास सोरेन को चंपाई सोरेन की जगह झारखंड सरकार का मंत्री नियुक्त किया गया है।

राजभवन में आयोजित समारोह में झारखंड सरकार के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी कैबिनेट के मंत्रियों के साथ-साथ झारखंड मुक्ति मोर्चा के सहयोगी दलों कांग्रेस एवं राष्ट्रीय जनता दल के नेता भी शामिल हुए। झारखंड के मुख्य सचिव एल खियांग्ते ने रामदास सोरेन को मंत्री नियुक्त किये जाने का पत्र पढ़ा। इसके बाद राज्यपाल ने रामदास सोरेन को हेमंत सोरेन की कैबिनेट के मंत्री के रूप में शपथ दिलाई।

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और हेमंत सोरेन कैबिनेट में जल संसाधन विभाग तथा तकनीकी शिक्षा विभाग के मंत्री चंपाई सोरेन ने 29 अगस्त को मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। राज्यपाल ने रात में उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया। झारखंड सरकार की ओर से इसकी अधिसूचना रात में ही जारी कर दी गई।

मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) ने अधिसूचना जारी करते हुए कहा कि चंपाई सोरेन 29 अगस्त 2024 के प्रभाव से राज्य के मंत्री एवं मंत्रिपरिषद के सदस्य नहीं रहे। झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार में एक नए मंत्री को शामिल किया गया है। इनका नाम है रामदास सोरेन उन्हें चंपाई सोरेन की जगह मंत्रिमंडल में जगह मिली है।

यह भी पढ़ें- विधानसभा चुनाव से पहले पूर्व सीएम चंपई सोरेन का बड़ा फैसला, नई पार्टी बनाने का किया ऐलान

बता दें कि रामदास सोरेन ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के साथ 1980 में राजनीति की शुरुआत की। चंपाई सोरेन और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के साथ मिलकर झारखंड अलग राज्य के लिए आंदोलन किया। 2009 में पहली बार घाटशिला से झामुमो के विधायक चुने गए। 2014 में हारे और 2019 में फिर से घाटशिला के विधायक बने। अब हेमंत सोरेन की कैबिनेट में मंत्री बने हैं।

यह भी पढ़ें- हेमंत सोरेन ने ली मुख्‍यमंत्री पद की शपथ, तीसरी बार संभालेंगे झारखंड की कमान