आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में पार्टी की ओर से आयोजित ‘वक्फ सुधार जनजागरण अभियान-2025’ कार्यक्रम में क्षेत्रीय कार्यशाला का उद्घाटन किया। साथ ही कार्यक्रम को संबोधित कर कहा कि वक्फ संशोधन विधेयक का पारित होना देश के इतिहास में संसद द्वारा किए गए कार्यों में से एक है। इस दौरान विपक्ष पर हमला बोलते हुए डिप्टी सीएम कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस पर वक्फ कानून में हाल ही में किए गए संशोधनों को लेकर देश में माहौल खराब करने का आरोप लगाया।
केशव मौर्या ने कहा कि ये इस देश के 90 प्रतिशत मुसलमानों की भलाई के लिए है। जो मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति करते थे, वे भी ‘सबका साथ और सबके विकास’ की राजनीति करें। उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पूरे देश में वक्फ कानून को लेकर माहौल खराब करना चाहती है।
साथ ही कहा कि उत्तर प्रदेश में “कांग्रेस के मुख्य दरबारी” और समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव राज्य का माहौल खराब करना चाहते हैं। पश्चिम बंगाल के अंदर ममता बनर्जी राज्य का माहौल खराब कर रही हैं और उनके प्रवक्ता के रूप में अखिलेश यादव काम कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- केशव मौर्या का अखिलेश पर निशाना, 2027 में सपा का सियासी समापन तय
उन्होंने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव में ये सब गायब हो जाएंगे, यहां फिर कमल खिलेगा। वक्फ कानून को मुसलमानों का समर्थन मिल रहा है।” आगे कहा कि विपक्षी दलों द्वारा समाज को भ्रमित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे दुष्प्रचार अब जनजागरण की ताकत के आगे टिक नहीं पाएंगे।”
इस अवसर पर भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा, अवध क्षेत्र से भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश महामंत्री संजय राय सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- परिवारवाद-तुष्टीकरण की राजनीति करने वाले कभी नहीं कर सकते जनता का भला: केशव मौर्या