सम्‍मेलन में बोले AAP सांसद, कानून-व्‍यवस्‍था संभालने व रोजगार देने में योगी सरकार पूरी तरह फेल, पंचायत चुनाव लड़ने का भी किया ऐलान

आप प्रांतीय कार्यकर्ता सम्‍मेलन
सम्‍मेलन को संबोधित करते संजय सिंह साथ में अन्‍य।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश में लगातार हो रही क्राइम की घटनाओं को लेकर आज राज्‍यसभा सांसद व आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी संजय सिंह ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है। सांसद ने कार्यकर्ता सम्‍मेलन में कहा है कि योगी सरकार कानून-व्‍यवस्‍था को संभालने के साथ ही बेरोजगार देने व महिलाओं की सुरक्षा करने में पूरी तरह फेल हो चुकी है।

फिरोजाबाद में आयोजित आप के प्रांतीय कार्यकर्ता सम्‍मेलन को संबोधित करने के साथ ही मंच से घोषणा करते हुए संजय सिंह ने कहा कि उत्‍तर प्रदेश में आगामी दिनों में होने वाले जिला पंचायत के चुनाव में आप अपने दमखम के साथ चुनाव लड़ने जा रही है।

घटनाएं खोलती हैं पोल

आप सांसद ने योगी सरकार घेरते हुए कहा कि यूपी की लचर कानून व्यवस्था बेरोजगारी और महिला सुरक्षा पर सरकार विफल है। हाल ही में आगरा के एक मंदिर में पांच साल की बच्ची के साथ हुई दरिंदगी की घटना, सहारनपुर में छेड़खानी से तंग आकर एक लड़की के जहर खाने जैसी तमाम घटनाएं योगी सरकार के महिला सुरक्षा के दावों की भी पोल खोलती है।

हमला जारी रखते हुए यूपी प्रभारी ने कहा कि गौरक्षा के फर्जी मामले बनाकर जिस तरह लोगों को खुलेआम मारा-पीटा जा रहा। इस तरह की घटना लोगों में आपराधिक प्रवृति और कानून-व्यवस्था का मजाक बनाने की प्रवृति को बढ़ावा दे रहा है। अलीगढ़ में 25 मई को चार लोगों को गौमांस ले जाने का झूठा आरोप लगाकर जानवरों की तरह पीटा गया।

जाति-धर्म की राजनीत से नहीं होगा यूपी का विकास

योगी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने के साथ ही आप यूपी प्रभारी ने कहा कि उत्‍तर प्रदेश का विकास जाति-धर्म की राजनीति करने से नहीं होगा इसका विकास सिर्फ मुद्दों की राजनीति से ही होगा।

इस दौरान संजय सिंह ने कहा कि पिछले 75 सालों से उत्तर प्रदेश की राजनीति जाति और धर्म के जंजाल में जकड़ी हुई, उससे बाहर निकालना पार्टी कार्यकर्ताओं की बड़ी जिम्मेदारी है।

वहीं मोदी सरकार पर भी निशाना साधते हुए संजय सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद भाजपा सरकार अब ‘वन नेशन, वन हसबैंड’ योजना के तहत मोदी जी के नाम का सिंदूर घर-घर भेजकर प्रचार की तैयारी कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा “क्या मोदीजी चाहते हैं कि देश की सभी महिलाएं उन्हें अपना पति मान लें? यह कैसी मानसिकता है?

आप नेता ने कहा कि पहले ही ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी देना भारत, भारतीय सेना और भारत माता के साथ गद्दारी है। यह कोई साधारण मामला नहीं है। मोदी सरकार को सामने आकर इसका जवाब देना चाहिए। यह अत्यंत गंभीर बात है कि इतने बड़े ऑपरेशन की सूचना पहले ही पाकिस्तान को दे दी गई। मोदी सरकार ने पाकिस्तान को पहले ही सावधान कर दिया।

वहीं ऑपरेशन सिंदूर को लेकर संजय सिंह ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से देश के तीन सवाल हैं-

  1. हमला करने वाले आतंकवादी पहलगाम में आए कैसे?
  2. उन आतंकवादियों को अब तक मारा क्यों नहीं गया?
  3. ट्रंप के दबाव में सीज़फायर क्यों डिक्लेयर किया गया?

इस दौरान सम्‍मेलन में ब्रज प्रांत अध्यक्ष हृदेश चौधरी ने प्रांत के सभी जिलों से आए कार्यकर्ताओं से संवाद के दौरान कहा कि संगठन का विस्तार ग्रामीण स्तर तक सदस्यता अभियान चलाकर और रचनात्मक कार्यों के जरिए लोगों को जोड़ेंगे।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से यूपी सहप्रभरी व दिलीप पाण्डेय, विधायक चौ. सुरेंद्र कुमार, अनिल झा, विशेष रवि, सभाजीत सिंह, दिनेश पटेल, वंशराज दुबे, विनय पटेल, शीलेंद्र वर्मा, धर्मेंद्र शर्मा, नदीम सिद्दीकी, सिद्धार्थ चतुर्वेदी, नीलम यादव, पंकज अवाना व उदय राज सहित आप के तमाम नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहें।