आरयू वेब टीम। बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए चुनावी प्रक्रिया भी शुरू हो गई। सोमवार को राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने अध्यक्ष पद के लिए औपचारिक रूप से अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर राबड़ी देवी व तेजस्वी यादव की मौजूद रहे। ऐसे में पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने ‘लालू यादव जिंदाबाद’ व ‘तेजस्वी यादव आगे बढ़ो’ के नारे लगाए।
नामांकन के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत में विरोधियों निशाना साधा। तेजस्वी ने कहा, “ये सिर्फ नामांकन नहीं, हमारी विचारधारा की जीत का प्रतीक है। राजद एकजुट है, और हमारे कार्यकर्ता जोश से भरे हैं। आगामी चुनाव में हमारी जीत पक्की है।” इस बीच एनडीए पर तंज कसते हुए तेजस्वी ने कहा, “बिहार की जनता अब जुमलों के जाल में नहीं फंसेगी। जनता ने बदलाव का मन बना लिया है। नीतीश कुमार ने बिहार को पेंशन नहीं, टेंशन दिया है।”
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने भी इस अवसर पर लालू यादव के नेतृत्व की जमकर तारीफ कर कहा, “लालू जी सिर्फ हमारे नेता नहीं, गरीबों और वंचितों की आवाज हैं। उनके अनुभव और सोच से राजद नई बुलंदियों को छुएगा।” राजद कार्यालय में भारी भीड़ और कार्यकर्ताओं का जोश इस बात का सबूत था कि पार्टी पूरी तरह चुनावी मोड में आ चुकी है।
गौरतलब है कि अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की अंतिम तारीख तक किसी अन्य उम्मीदवार ने पर्चा दाखिल नहीं किया है। ऐसे में लालू यादव का एक बार फिर निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि इसकी औपचारिक घोषणा पांच जुलाई को होगी। लालू के नामांकन ने पार्टी में एकजुटता का संदेश दिया है।



















