आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में बड़ा फैसला लिया है। मायावती ने अपने छोटे भतीजे ईशान आनंद को बसपा का राष्ट्रीय संयोजक (नेशनल कोआर्डिनेटर) बनाया है। बुधवार को लखनऊ में हुई बसपा की राष्ट्रीय बैठक में संगठन से जुड़े कई अहम फैसलों के साथ ईशान आनंद की नई जिम्मेदारी पर भी मुहर लगाई गई।
ईशान आनंद को बसपा में आगे बढ़ाने का फैसला ऐसे समय में हुआ है, जब मायावती ने अपने बड़े भतीजे आकाश आनंद को पार्टी से बाहर कर दिया है। इससे पहले तीन सितंबर को आकाश आनंद को बसपा के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर पद से हटाया गया था और बाद में उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। इसके बाद मायावती ने हर दिन अपने फैसले बदले। कभी ईशान आनंद तो कभी उनकी बहन दीपिका आनंद को लेकर ऐलान किया। आखिर में ईशान आनंद को ही जिम्मेदारी दी गई।
मायावती ने हाल ही में साफ किया था कि उनके छोटे भाई आनंद कुमार के बच्चों में अब केवल ईशान आनंद को ही पार्टी में जिम्मेदारी दी जाएगी. उन्होंने आकाश आनंद और उनकी बहन दीपिका आनंद को पार्टी की जिम्मेदारियों से दूर रखने का फैसला किया था। मायावती ने ईशान को संगठन में आगे बढ़ाने की बात कही थी। इससे पहले सितंबर में ईशान आनंद को मुख्य सेक्टर कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी भी दी गई थी, हालांकि कुछ ही दिनों बाद मायावती ने उनसे यह जिम्मेदारी भी वापस ले ली थी।
बसपा की राष्ट्रीय बैठक ऐसे समय हुई है जब उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रियता बढ़ाने और उम्मीदवारों के चयन जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। ईशान आनंद को राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी दिए जाने के फैसले को बसपा में संगठन की अगली पीढ़ी को तैयार करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।




















