आरयू ब्यूरो, लखनऊ। योगी सरकार की ओर से बेसिक शिक्षा परिषद के पांच हजार स्कूलों के मर्जर का विरोध शुरू हो गया है। इस बीच लखनऊ में कांग्रेसियों ने प्रदर्शन कर योगी सरकार मुर्दाबाद का नारा लगाते हुए विधानसभा का घेराव करने के लिए कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय से बाहर निकले। कांग्रेसी विधानसभा की ओर बढ़े, तो उन्हें पुलिस की बैरिकेडिंग मिली। कांग्रेसी नारेबाजी करते हुए बैरिकेड पर चढ़ गए। जहां कांग्रेसियों की पुलिस से झड़प हो गई।
इस दौरान प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने घसीटकर गाड़ी में भरा और इको गार्डन ले जाकर छोड़ा। पुलिस द्वारा हटाए जाने को कांग्रेसियों ने इसे अत्याचार बताया और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
दरअसल एनएसयूआइ प्रदेश अध्यक्ष अनस रहमान ने विधानसभा घेराव का आह्वान किया था। इसके लिए बड़ी संख्या में कांग्रेसी पार्टी मुख्यालय पर जुटे थे। यहां से उन्हें विधानसभा जाना था, लेकिन पुलिस ने पहले से ही कांग्रेस मुख्यालय के गेट के बाहर दोनों और बैरिकेडिंग कर दी थी।
एनएसयूआइ के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ये सरकार गरीब और छात्र विरोधी है। प्रदेश में पांच हजार से अधिक स्कूलों का मर्जर किया जा रहा है। छात्रों को बेहतर सुविधा देने के बजाय स्कूलों पर ताला लगा कर शिक्षा से दूर कर रही है। कांग्रेस पार्टी प्रदेश के आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है।
यह भी पढ़ें- AAP की योगी सरकार को नसीहत, पाठशाला नहीं, बंद करें मधुशाला
कांग्रेस नेता ने कहा स्कूल मर्जर के खिलाफ हम लोगों का ये आंदोलन जारी रहेगा। स्कूल मर्जर से छात्रों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा इसके साथ ही सैकड़ों की संख्या में शिक्षक बेरोजगार हो जाएंगे। पहले बैंक मर्जर करके लोगों को बेरोजगार बनाया गया। अब स्कूलों को मर्जर करके बेरोजगारी को और बढ़ावा दिया जा रहा है।




















