UP चुनाव से पहले सपा को झटका, अनिल यादव ने अखिलेश का साथ छोड़ थामा कांग्रेस का हाथ

सपा को झटका

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसे लेकर राजनीतिक पार्टियां अपनी रणनीति तैयार करने में लग गई हैं, तो दूसरी ओर चुनाव से पहले नेताओं के दल बदलने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। इसी क्रम में सपा के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल यादव ने शनिवार को अपने सहयोगियों के साथ सापा का दामन छोड़ कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। अनिल यादव की पत्नी पंखुड़ी पाठक पहले ही कांग्रेस में शामिल हो चुकी हैं।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की मौजूदगी में अनिल यादव को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। अनिल को कांग्रेस में शामिल करने के बाद मीडिया से बात करते हुए अजय कुमार लल्लू ने कहा कि समाजवादी पार्टी टूट रही है, वहीं सत्ताधारी भाजपा पूरी तरह बिखर रही है, बारी-बारी से जनता को भ्रमित कर सत्ता में आने वाले सपा व भाजपा जैसे दलों के भ्रष्टाचार, अपराध, घोटालेबाजी के कारण जनता ऊब चुकी है, संकट के विपरीत काल में कांग्रेस यूपी में जनता के मुद्दों पर सड़क से सदन तक संघर्ष कर रही है।

प्रदेश अध्यक्ष ने सपा व भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले तीन दशकों से इन्होंने बारी-बारी से जनादेश का अपमान किया है और प्रदेश को बदहाल बनाने, बेरोजगारों से धोखा करने, नौकरियों में घोटाले करने व भर्तियों को लटकाए रखने व अपराधियों को खुलकर संरक्षण देकर प्रदेश की भरपूर उपेक्षा की है, कांग्रेस अपनी मजबूत विचारधारा व जनसरोकारों के बूते प्रियंका गांधी के नेतृत्व में जनादेश प्राप्त करने में सफल रहेगी।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस ने मोदी सरकार को बताया देश के लिए हानिकारक, कहा, सात साल में कर दिया अ‍र्थव्यवस्था का बंटाधार

वहीं कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदेश के गौरव को पुनः स्थापित कर बदहाल व्यवस्था को पटरी पर लाकर महंगाई, बेरोजगारी, अपराध, भ्रष्टाचार और किसानों को उत्पीड़न से मुक्त वातावरण में विकास के मार्ग पर ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के जनविरोधी शासन काल में हत्या, सामूहिक बलात्कार, महिला उत्पीड़न, लूट, बेरोजगरी, महंगाई के विरुद्ध प्रियंका गांधी के नेतृत्व में चट्टान की तरह अडिग होकर कांग्रेस संघर्ष कर रही है, इसलिये लोग कांग्रेस की तरफ आशा भरी नजरों से देख रहे है। इतना ही नहीं जनता सत्ता में रहकर प्रदेश को बदहाल बर्बाद करने वाले दलों को सबक सिखांने का मन बना चुकी है।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस ने कहा, “कोरोना की टेस्टिंग, ट्रैकिंग, ट्रीटमेंट व टीकाकरण में फेल हुई योगी सरकार” ये मांगें भी उठाईं