कुशीनगर में भीषण हादसा, छठ मनाने बिहार जा रहे यात्रियों से भरी प्राइवेट बस डिवाइडर से टकराकर पलटी, 24 घायल

बस पलटी
हादसे में पलटी बस और इकट्ठा भीड़।

आरयू वेब टीम। छठ के लिए राजस्थान के जयपुर से अपने घर लौट रहे यात्रियों से भरी बस गुरुवार को भीषण हादसे का शिकार हो गई। जयपुर से बिहार के मधुबनी जा रही तेज रफ्तार लग्जरी बस एनएच28 पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में करीब 24 यात्री घायल हो गए। हादसे से मची चीख-पुकार सुनकर राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए भर्ती कराया।

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह जयपुर से बिहार के मधुबनी जिले के लिए रवाना हुई एक बस उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के तरयासुजान थाना क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गई। बस ओवरटेक के दौरान अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई।

हादसे में 24 यात्री घायल हो गए, जबकि बस में कुल 80 लोग सवार थे। हादसा बहादुरपुर पुलिस चौकी के पास चौरसिया मैरेज हाल के नजदीक हुई, जिससे वहां से गुजर रहे लोगों की भी सांस थम गई। हादसे के समय बस में सवार यात्री चीख-पुकार करने लगे। बस में सवार लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। घायलों को सुरक्षित निकालने और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। हादसे में करीब 24 यात्री घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में कई लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की तेज रफ्तार और चालक का नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह थी। जबकि बस पलटने के कारण यात्रियों का सामान सड़क पर बिखर गया। हादसे के बाद वाहनों का आवागमन बाधित हुआ।

पुलिस ने घटनास्थल पर यातायात को नियंत्रित किया और घायल यात्रियों को निकालने के लिए राहत कार्य शुरू किया। दुर्घटना के कारण एनएच28 पर यातायात बाधित हुआ, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बहाल कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि हादसे में किसी यात्री की मौत की सूचना नहीं है, लेकिन कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल घायलों के परिजनों को सूचित किया जा रहा है। बस को सड़क से हटाने के लिए जेसीबी की मदद ली गई, जिससे करीब दो घंटे तक हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही।

यह भी पढ़ें- UP: श्रद्धालुओं से भरी डबल डेकर बस पलटी, युवक की मौत, 44 घायल, ओवर स्‍पीड बनी हादसे की वजह

साथ ही बताया कि बस जयपुर से रवाना हुई थी और मधुबनी पहुंचने वाली थी। हादसे के समय बस में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी मौजूद थे। यात्रियों के अनुसार बस की रफ्तार काफी तेज थी। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटी, दो यात्रियों की मौत, 50 घायल