आखिरकार पंकज चौधरी को मिली यूपी भाजपा की कमान, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने किया ऐलान

पंकज चौधरी
पंकज चौधरी का स्वागत करते केंद्रीय मंत्री, सीएम व अन्‍य।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश इकाई के नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए रविवार को केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के नाम का आखिरकार ऐलान कर दिया है। काफी लंबे इंतजार और सियासी उठापटक के बाद पंकज चौधरी निर्विरोध चुने गए हैं, क्योंकि 13 दिसंबर को नामांकन प्रक्रिया में केवल उनका ही पर्चा दाखिल हुआ था। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की मौजूदगी में आज 14 दिसंबर को लखनऊ में उनके नाम का ऐलान हुआ।

लखनऊ के राम मनोहर लोहिया विवि कैंपस के सभागार में इसकी घोषणा कर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा आज संगठन पर्व के शुभ अवसर पर, मुझे ये घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि सर्वसम्मति से पंकज चौधरी को भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। साथ ही भूपेंद्र चौधरी ने पार्टी का झंडा नव निर्वाचित अध्यक्ष को सौंपा। इस मौके पर राष्ट्रीय परिषद के 120 नव निर्वाचित सदस्यों की भी घोषणा की गई।

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित यूपी भाजपा के कई वरिष्ठ नेता कार्यक्रम में मौजूद रहे। जहां पंकज चौधरी को भाजपा नेताओं ने बधाई दी।

यह भी पढ़ें- UP भाजपा अध्यक्ष पद के लिए पंकज चौधरी ने दाखिल किया नामांकन, प्रस्तावक बने CM योगी

बता दें कि पंकज चौधरी महाराजगंज संसदीय क्षेत्र से सात बार के सांसद हैं और वह कुर्मी जाति से आते हैं। यह जाति अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) में आती है। उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का भरोसेमंद माना जाता है। दरअसल कुर्मी समुदाय का पूरे उत्तर प्रदेश में ओबीसी समुदाय में काफी प्रभाव है और 2024 के लोकसभा और 2022 के विधानसभा चुनाव में, इस जाति ने राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी समाजवादी पार्टी की ओर अपना झुकाव दिखाया था।

पंकज चौधरी राजनीतिक करियर स्थानीय स्तर पर शुरू हुआ, जब उन्होंने 1989 से 1991 तक गोरखपुर में नगर निगम के सदस्य के रूप में काम किया। इस दौरान, उन्होंने एक साल तक नगर निगम के डिप्टी मेयर के रूप में काम किया। इसके बाद में उन्हें गोरखपुर का डिप्टी मेयर नियुक्त किया गया।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में BJP कार्यकर्ताओं से बोले राजनाथ सिंह, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर बनाई नई पहचान